कोटा में सड़क सुरक्षा एवं गंभीर दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर चर्चा, हादसों की रोकथाम पर दिया जोर
हाईवे पर भारी वाहन सड़क किनारे रोकने, रॉन्ग साइड वाहन चलाने आदि की रोकथाम के निर्देश
संभागीय की अध्यक्षता में गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संभाग स्तरीय सड़क सुरक्षा एवं गंभीर दुर्घटनाओं की रोकथाम से संबंधित बैठक आयोजित की गई।
बैठक में संभागीय आयुक्त ने कहा कि हाईवे पर अवैध कट बंद किए जाएं एवं अतिक्रमण हटाए जाएं। उन्होंने कहा कि गंभीर दुर्घटना वाले स्थलों की पुलिस एवं रोड़ सेफ्टी से जुड़े अन्य विभागों के अधिकारियों की ज्वॉइंट टीम विजिट कर सुरक्षात्मक उपायों के बारे में रिपोर्ट प्रस्तुत करे। उन्होंने हाईवे पर भारी वाहन सड़क किनारे रोकने, रॉन्ग साइड वाहन चलाने आदि की रोकथाम के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एनएचएआई के अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि हाईवे पर ट्रक एवं अन्य भारी वाहन सिर्फ विश्राम स्थलों पर ही रूकें। उन्होंने आवारा पशुओं के हाईवे पर बैठने से दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए ऐसे पशुओं को गौशालाओं या अन्य चिन्हित स्थान पर शिफ्ट करने तथा पशुओं के मालिकों पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने आवारा पशुओं के सींगों पर रिफलेक्टर लगाने का भी सुझाव दिया।
संभागीय आयुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्ग एवं राजमार्गों पर पेट्रोलिंग की व्यवस्था सुचारू करने, रोड पैट्रोलिंग व्हिकल (आरपीवी) की मोबिलिटी बढ़ाने तथा आरपीवी की प्रभावी मॉनिटरिंग तथा आधुनिक सुविधाओं युक्त एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में गंभीर सड़क दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने, गंभीर दुर्घटनाओं के कारणों एवं सुधारात्मक उपायों हेतु कार्ययोजना के संबंध में मुख्य सचिव द्वारा दिये गये निर्देशों तथा जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों में लिए निर्णयों की क्रियान्विति की समीक्षा की गई।
संभागीय आयुक्त ने निर्देश दिए कि संभाग के सभी जिलों में सड़कों की गुणवत्ता बनाए रखने और रखरखाव सुनिश्चित करने के लिए आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्य किया जाए और सड़कों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। रोड सेफ्टी ऑडिट में सामने आई कमियों को ठीक करने के लिए रखरखाव एवं सुधारात्मक कार्य किए जाएं। उन्होंने संभाग में ट्रॉमा सेंटर्स की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जो भवन बनकर तैयार हैं उन्हें फंक्शनल बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
_*एसओपी तैयार कर जिम्मेदारी तय की जाए*_
बैठक में आईजी कोटा रेंज श्री हरेंद्र महावर ने कहा कि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विभागीय समन्वय के लिए एसओपी तैयार कर कार्य क्षेत्र के अनुसार जिम्मेदारी तय करना इस दिशा में प्रभावी कदम होगा। इसी तरह उन्होंने एनएच के पोर्टल में पुलिस की एक्सेसिबिलिटी को भी महत्वपूर्ण बताया ताकि आपसी संबंध बेहतर हो सके। उन्होंने सुझाव दिया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर रात 12 बजे से सुबह 4 बजे तक नाकाबंदी पर वाहन चालकों को रोककर उन्हें समझाया जाए कि लगातार वाहन नहीं चलाएं, थकान अथवा नींद आने पर विश्राम स्थल पर रुक कर रेस्ट कर लें।
बैठक में बारां कलक्टर ने दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए किए जा रहे उपायों के बारे में जानकारी दी। बूंदी एसपी श्री अवनीश शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क किनारे भारी वाहनों की पार्किंग नहीं हो, इस संबंध में संबंधित थानाधिकारियों को पाबंद किया गया है। उन्होंने कहा कि एक्सीडेंट प्रोन एरिया की एनएचएआई एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा ज्वॉइंट विजिट कर सुरक्षात्मक उपायों के बारे में रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
प्रादेशिक परिवहन अधिकारी मनीष शर्मा ने बताया कि जिला परिवहन अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में भारी वाहन चालकों में जागरूकता पैदा करने के लिए उन्हें ट्रैनिंग देेंगे। बैठक में अतिरिक्त संभागीय आयुक्त ममता तिवारी, नगर निगम आयुक्त ओपी मेहरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण रामकल्याण मीणा, प्रोजेक्ट डायरेक्टर एनएचएआई कोटा संदीप अग्रवाल सहित परिवहन, सार्वजनिक निर्माण, मेडिकल एवं संबंधित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Sangod, Kota | Nov 26, 2026