इन्क्लूसिव सिटीज फॉर वूमन एंड गर्ल्स प्रोजेक्ट के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला स्तर पर चर्चा
महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और निर्बाध गतिशीलता सुनिश्चित करने पर जोर
कोटा, भारत सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और निर्बाध गतिशीलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निर्भया फंड के तहत संचालित ‘इन्क्लूसिव सिटीज फॉर वूमन एंड गर्ल्स प्रोजेक्ट’ के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर गुरुवार को जिला कलक्टर पीयूष समारिया की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में परियोजना के तहत स्वीकृत कार्यों, विभागीय जिम्मेदारियों एवं क्रियान्वयन की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में उपनिदेशक महिला अधिकारिता विभाग मनोज मीणा ने बताया कि देशभर में चयनित 10 शहरों में कोटा को भी इस महत्वपूर्ण परियोजना में शामिल किया गया है, जो जिले के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने बताया कि कोटा की ओर से तैयार कर भेजी गई परियोजना कार्ययोजना को भारत सरकार से स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है तथा शीघ्र ही इसके लिए बजट प्राप्त होगा।
जिला कलक्टर पीयूष समारिया ने कहा कि परियोजना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए शहर में सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक वातावरण तैयार करना है। इसके लिए नगर निगम, नगर विकास न्यास, पुलिस विभाग, शिक्षा विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग सहित सभी संबंधित विभाग अपनी-अपनी जिम्मेदारियों एवं भूमिका को स्पष्ट रूप से समझें। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्भया फंड के तहत स्वीकृत कार्यों को सरकार की मंशा के अनुरूप प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।
बैठक में परियोजना के तहत सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के माध्यम से वाहनों की निगरानी, महिला संचालित ई-रिक्शा सेवा तथा प्रमुख बस स्टैंडों पर महिला अनुकूल प्रतीक्षालय विकसित करने संबंधी प्रावधानों पर चर्चा की गई। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर इलेक्ट्रॉनिक इमरजेंसी कॉल बॉक्स, महिला सुरक्षा पिंक बूथ, पिंक स्कूटी तथा मिनी अभय कमांड सेंटर जैसी सुविधाओं के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा एवं आपातकालीन सहायता व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा निगरानी के लिए सेफ्टी वॉच टावर तथा नगर पालिका क्षेत्रों में सुरक्षा संबंधी आधारभूत ढांचे का विकास भी परियोजना में शामिल है।
महिलाओं के लिए सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षित एवं स्वच्छ पिंक टॉयलेट विकसित करने के साथ ही सरकारी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के आसपास सुरक्षा संबंधी सुविधाओं का उन्नयन किया जाएगा। कामकाजी महिलाओं के छात्रावास एवं विभागीय गर्ल्स हॉस्टल में सुरक्षा आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ किया जाएगा। इसके अतिरिक्त अस्पतालों में मरीजों के साथ आने वाली महिला परिजनों के लिए प्रतीक्षा एवं विश्राम स्थल विकसित करने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए क्रिटिकल केयर रिस्पॉन्स यूनिट की व्यवस्था भी परियोजना के प्रमुख प्रावधानों में शामिल है।
जिला कलक्टर ने कहा कि इन सुविधाओं के विकास से महिलाओं एवं बालिकाओं को सार्वजनिक परिवहन, शिक्षण संस्थानों, कार्यस्थलों, आवासीय परिसरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि महिलाएं और बालिकाएं बिना किसी भय के शिक्षा, रोजगार एवं सामाजिक गतिविधियों में भागीदारी करते हुए आत्मनिर्भर बन सकें।
बैठक में महिला अधिकारिता विभाग की अन्य योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने लाडो योजना की द्वितीय किस्त में प्रगति लाने के लिए आवश्यक कदम उठाने तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग और जेके लोन अस्पताल के साथ समन्वय स्थापित कर पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत कार्ययोजना तैयार कर स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने को कहा।
जिला कलक्टर ने राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर शिक्षा, खेलकूद एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को सम्मानित एवं प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्रों की प्रगति की समीक्षा करते हुए थानों में प्रभावी काउंसलिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सभी संबंधित विभागों को शी-बॉक्स पोर्टल से संबंधित आवश्यक निर्देशों की पालना करने को कहा। बैठक में 60 दिवसीय बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ विशेष अभियान के प्रभावी संचालन को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की संयुक्त निदेशक सविता कृष्णिया, डीडीआर दिव्यांशु शर्मा सहित पुलिस, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, शिक्षा तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Sangod, Kota | Nov 26, 2026