Crime news : 40 हजार रुपये के लैपटॉप की जगह मिले महज 250 रुपये के सेंचुरी पेपर के दो पैकेट।
ऑनलाइन शॉपिंग में ठगी का एक चौंकाने वाला मामला पश्चिमी चंपारण जिले के गौनाहा से सामने आया है।
सहोदरा थाना क्षेत्र के जमुनिया में न्यू सनराइज पब्लिक स्कूल के संचालक चंदू कुमार ने फ्लिपकार्ट से करीब 40 हजार रुपये का लैपटॉप ऑनलाइन ऑर्डर किया था।
चंदू कुमार के मुताबिक, लैपटॉप की डिलीवरी छह सितंबर को होनी थी। लेकिन डिलीवरी करीब सात दिन बाद, 13 सितंबर की दोपहर हुई।
डिलीवरी मैन बिपुल यादव जब पार्सल लेकर पहुंचे, तो चंदू ने पैकेट की सील कुटी हुई देखी। उन्हें संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने पैकेट खोलने से पहले ही वीडियो बनाना शुरू कर दिया।
लेकिन पैकेट खुलते ही उनके होश उड़ गए।
जिस पैकेट में करीब 40 हजार रुपये का लैपटॉप होना चाहिए था, उसमें लैपटॉप की जगह सेंचुरी पेपर के महज दो पैकेट मिले। इनकी कीमत करीब 250 रुपये बताई जा रही है।
चंदू कुमार का कहना है कि लैपटॉप की पूरी राशि उन्होंने पहले ही क्रेडिट कार्ड से भुगतान कर दी थी।
मामले के बाद उन्होंने डिलीवरी मैन को रोक लिया और नरकटियागंज हब के जिम्मेदार अधिकारियों को मौके पर बुलाया।
सूचना मिलने पर ईकार्ट हब के मालिक चंदन कुमार मिश्रा, सेकेंड इंचार्ज प्रियांशु कुमार, राहुल और शिवबच्चन मौके पर पहुंचे।
हब अधिकारियों ने अपने स्तर से किसी तरह की गड़बड़ी होने से इनकार किया। वहीं, हब मालिक चंदन कुमार मिश्रा ने रविवार शाम तक राशि वापस होने का आश्वासन दिया और कहा कि पार्सल में लैपटॉप की जगह सेंचुरी पेपर आखिर किस स्तर पर पहुंचा, इसकी जांच कराई जाएगी।
चंदू कुमार के अनुसार, ऑनलाइन स्टेटस में छह सितंबर से ही पार्सल नरकटियागंज हब में उपलब्ध दिख रहा था। इसके बावजूद 13 सितंबर को इसकी डिलीवरी की गई।
फिलहाल पूरे मामले की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
चंदू कुमार ने वरीय अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ऑनलाइन शॉपिंग में सामने आए इस मामले ने एक बार फिर पार्सल डिलीवरी की प्रक्रिया और ग्राहकों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।#Gounaha #Bettiah #WestChamparan #BiharNews #Flipkart #OnlineShopping #OnlineFraud #LaptopFraud #DeliveryFraud #EcommerceFraud #ConsumerAwareness #BreakingNews #LatestNews #NewsUpdate #YesBihar #biharnewstoday