28 सितंबर के राजभवन मार्च को सफल बनाने को लेकर बेतिया में कन्वेंशन, हजारों लोगों से पटना चलने का आह्वान...
बेतिया में बलिराम भवन के सभागार में विभिन्न जन संगठनों किसान सभा, खेत मजदूर यूनियन, छात्र, नौजवान, महिला संघ तथा एटक की ओर से 28 सितंबर को पटना में प्रस्तावित राजभवन मार्च को सफल बनाने के लिए एक दिवसीय कन्वेंशन का आयोजन किया गया। कन्वेंशन की अध्यक्षता अशोक मिश्र, राजेन्द्र साह, आरती, मनोज साह, लालबाबू राम, साधना देवी और आदर्श मणि तिवारी की संयुक्त अध्यक्ष मंडली ने की। कार्यक्रम का उद्घाटन राज्य किसान नेता विजय शंकर सिंह ने किया। कन्वेंशन में किसानों, मजदूरों, छात्रों, नौजवानों और महिलाओं की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि विभिन्न वर्गों को अपने अधिकारों और मांगों के लिए एकजुट होकर आंदोलन को मजबूत करना होगा। विजय शंकर सिंह ने पश्चिम चंपारण से हजारों की संख्या में लोगों से 28 सितंबर को पटना पहुंचकर राजभवन मार्च में शामिल होने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि राज्य किसान सभा के महासचिव रामचंद्र महतो ने केंद्र और राज्य सरकार पर किसान-मजदूर, छात्र, नौजवान और महिला विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अपनी मांगों को लेकर पटना में बड़ी संख्या में किसान, मजदूर, छात्र, नौजवान, महिलाएं तथा संगठित-असंगठित क्षेत्र के कामगार सड़क पर उतरेंगे और राज्यपाल को मांग पत्र सौंपेंगे। एटक बिहार के डिप्टी जनरल सेक्रेटरी ओम प्रकाश क्रांति ने आशा, रसोईया, सेविका-सहायिका और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों से भी बड़ी संख्या में पटना चलने की अपील की। उन्होंने संविदा कर्मियों की सेवा स्थायी करने, स्कीम वर्कर्स को न्यूनतम 26 हजार रुपये मानदेय देने तथा आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की सेवा स्थायी करने समेत अन्य मांगें उठाईं। कन्वेंशन को किसान नेता राधामोहन यादव, खेत मजदूर नेता सुबोध मुखिया, नौजवान नेता एन.डी. तिवारी, महिला नेत्री सहित विभिन्न संगठनों के नेताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने 27 सितंबर को 5216 ट्रेन से पटना रवाना होने का आह्वान करते हुए राजभवन मार्च को सफल बनाने की अपील की।
#champaran24news