बेतिया में चाय मांगने को लेकर सास की हत्या का आरोप, दो अंगुलियां भी काटी...
पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में घर में सो रही एक महिला की धारदार हथियार से हमला कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। हत्या के बाद महिला की दो अंगुलियां काटे जाने की भी बात सामने आई है। घटना कालीबाग थाना क्षेत्र के हरिहरनगर पक्की फुलवारी नोनियार इलाके की बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि बच्ची देवी घर में सो रही थीं। इसी दौरान उन पर धारदार हथियार से हमला किया गया। हमले में उनकी गर्दन पर गंभीर चोट पहुंची, जबकि एक हाथ की दो अंगुलियां काट दी गईं। दूसरे हाथ पर भी धारदार हथियार से हमला किए जाने की बात सामने आई है। घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर कालीबाग थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेतिया GMCH भेज दिया। मृतका की बेटी कोमल देवी ने आरोप लगाया है कि उनकी मां की हत्या उनकी बहुओं ने की है। कोमल देवी के अनुसार, रात में ही उनकी मां की हत्या कर दी गई थी और इसके बाद शव को कंबल में छिपा दिया गया था। उन्होंने बताया कि उनकी मां को चाय पीना काफी पसंद था। आरोप है कि चाय मांगने को लेकर बहुओं ने उनके साथ विवाद किया और इसी दौरान धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी गई। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मामले में कालीबाग थाना की पुलिस ने करीब 6 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाने के साथ ही सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा होने की उम्मीद है।
#champaran24news #viralreelschallenge #reelsviral #CMBihar #viralvideochallenge #BJPGovernment #RJD