#भरतपुर। डीग महोत्सव-2026 के तहत शनिवार को आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों ने पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को रोमांचित कर दिया। शाम के समय ऐतिहासिक जल महलों में रंगीन फव्वारों और दीपदान के भव्य नजारे ने देश-विदेश से पहुंचे सैलानियों का मन मोह लिया, जहाँ जिला कलक्टर मयंक मनीष और जिला एवं सत्र न्यायाधीश उपेंद्र शर्मा की उपस्थिति में जल महलों की फुहारों और रंग-बिरंगी रोशनी का अद्भुत तालमेल देखने को मिला। वहीं, दिन के समय राजस्थान पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न खेल एवं पारंपरिक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें कबड्डी, रस्साकशी, मूंछ, साफा और राधा-कृष्ण पोशाक प्रतियोगिताओं के माध्यम से राजस्थान की समृद्ध लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की अनूठी झलक देखने को मिली। इस अवसर पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे और मेला क्षेत्र को वाहन मुक्त रखते हुए सुचारू यातायात प्रबंधन किया गया, जिससे पर्यटकों ने बिना किसी असुविधा के डीग की इस सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर के उत्सवी स्वरूप का आनंद उठाया।