#भरतपुर। बयाना सदर थाना क्षेत्र के अगावली गांव में शनिवार दोपहर एक छप्परपोश घर में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय देशराज सिंह पुत्र रामभरोसी जाट के परिवार में उनकी भतीजी की शादी की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान अज्ञात कारणों से लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की चपेट में आने से एक भैंस की मौ*त हो गई, जबकि दूसरी भैंस गंभीर रूप से झुलस गई। घर में रखा घरेलू सामान जलकर राख हो गया और पास खड़ी दो कारें भी आग की लपटों से क्षतिग्रस्त हो गईं। इनमें एक कार देशराज सिंह और दूसरी उनके रिश्तेदार की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया तथा दोनों कारों को सुरक्षित स्थान पर हटाया। घटना की सूचना पटवारी और पुलिस को दे दी गई है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।