बुंदेलखंड से सपा का सफाया करेगी भागीदारी पार्टी: ओम प्रकाश राजभर
2027 में बुंदेलखंड का सियासी समीकरण बदलेगा प्रजापति समाज: प्रेमचंद्र प्रजापति
कर्वी की जन अधिकार महारैली में उमड़ा जनसैलाब, महाराजा दक्ष प्रजापति को किया नमन
राजभर बोले- 2022 में भागीदारी पार्टी से हुए धोखे का 2027 में सपा को मिलेगा जवाब
प्रजापति समाज अब केवल वोट नहीं देगा, सत्ता में अपनी हिस्सेदारी भी तय करेगा
भागीदारी पार्टी के तत्वावधान में रविवार को कर्वी स्थित पुलिस लाइन के सामने मैदान में महाराजा दक्ष प्रजापति जयंती के उपलक्ष्य में विशाल जन अधिकार महारैली का आयोजन किया गया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेमचंद्र प्रजापति की अध्यक्षता में आयोजित महारैली में मुख्य अतिथि के रूप में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर शामिल हुए। महारैली में बड़ी संख्या में प्रजापति समाज के लोगों और भागीदारी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
महारैली को संबोधित करते हुए ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि महाराजा दक्ष प्रजापति संपूर्ण मानव समाज के आराध्य हैं। उनके बताए मार्ग पर चलते हुए एक सशक्त और समृद्ध भारत के निर्माण के लिए हम सभी को मिलकर कार्य करना चाहिए।
महारैली में उमड़े जनसैलाब का उल्लेख करते हुए राजभर ने कहा कि कर्वी की धरती से समाजवादी पार्टी के बुंदेलखंड से सफाए की शुरुआत हो चुकी है। 2027 के विधानसभा चुनाव में भागीदारी पार्टी बुंदेलखंड का राजनीतिक समीकरण बदलने जा रही है। प्रजापति समाज अब किसी दूसरे दल के पीछे चलने के बजाय अपना नेतृत्व खड़ा कर रहा है और अपने झंडे-डंडे के साथ अपने नेता को मजबूत करने के लिए मैदान में उतर चुका है।
उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में भागीदारी पार्टी के साथ धोखा किया गया था। अब प्रेमचंद्र प्रजापति ने अपने समाज को संगठित कर उसका जवाब देने की तैयारी कर ली है। 2022 में सपा ने बुंदेलखंड में जो तीन विधानसभा सीटें जीती थीं, 2027 में भागीदारी पार्टी उसे शून्य पर पहुंचाने का काम करेगी।
राजभर ने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की चार बार सरकार रही, लेकिन प्रजापति-कुम्हार समाज को शिल्पकार की श्रेणी में शामिल करने की वर्षों पुरानी मांग पूरी नहीं की गई। उन्होंने कहा कि अब भागीदारी पार्टी भाजपा के साथ मिलकर इस मांग को आगे बढ़ाने का काम करेगी।
भागीदारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेमचंद्र प्रजापति ने कहा कि बुंदेलखंड में प्रजापति समाज एक बड़ी और निर्णायक राजनीतिक ताकत है, लेकिन सपा, बसपा और कांग्रेस ने वर्षों तक उसके वोट का इस्तेमाल किया और सत्ता में उचित भागीदारी नहीं दी। अब समाज जाग चुका है और अपने राजनीतिक अधिकार तथा हिस्सेदारी के लिए संगठित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रजापति समाज केवल वोट देने वाला समाज नहीं, बल्कि सरकार बनाने की ताकत बनकर सामने आएगा। भागीदारी पार्टी बुंदेलखंड की सभी विधानसभा सीटों पर जमीनी स्तर पर संगठन मजबूत कर रही है। जिस समाज को अब तक राजनीतिक भागीदारी से वंचित रखा गया, अब वही समाज बुंदेलखंड का सियासी समीकरण तय करेगा।
पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव डॉ. महेश चंद्र प्रजापति ने कहा कि बुंदेलखंड आज भी गरीबी, बेरोजगारी, शिक्षा और विकास से जुड़ी गंभीर समस्याओं का सामना कर रहा है। भागीदारी पार्टी समान एवं अनिवार्य शिक्षा, प्राथमिक से परास्नातक तक मुफ्त शिक्षा, तकनीकी शिक्षा के विस्तार, महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण, मतदाता पेंशन, गरीब कल्याण कार्ड और बुंदेलखंड को पृथक राज्य बनाने जैसे मुद्दों को लेकर संघर्ष करेगी।
उन्होंने दावा किया कि बुंदेलखंड की प्रत्येक विधानसभा में प्रजापति समाज के लगभग 35 हजार से 90 हजार तक मतदाता हैं और अधिकांश सीटों पर समाज निर्णायक भूमिका में है। उन्होंने कहा कि भागीदारी पार्टी जिसके साथ मजबूती से खड़ी होगी, 2027 में प्रदेश की सरकार बनाने में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
महारैली में राष्ट्रीय महासचिव कीर्ति प्रकाश द्विवेदी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ज्ञान सिंह, बुंदेलखंड अध्यक्ष अच्छे लाल प्रजापति, प्रभारी लक्ष्मी प्रजापति, जिलाध्यक्ष पुष्पेंद्र प्रजापति, भागीदारी आंदोलन मंच के जिलाध्यक्ष शंकर मणि वर्मा, कोषाध्यक्ष बी.एल. प्रजापति, रामेश्वर प्रजापति, जगतपाल प्रधान, कामता प्रजापति, सुनील प्रजापति, संजय प्रजापति, सत्यनारायण प्रजापति, राजमोहन प्रजापति और रामकरण प्रजापति सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।
Manikpur, Chitrakoot | Aug 23, 2026