*नशे में धुत पहुंची डायल 112: ग्रामीणों से अभद्रता का वीडियो वायरल; सूचना के बाद भी नहीं पहुंचीं थाना प्रभारी, प्रधान आरक्षक ने संभाला मोर्चा*
भगवां थाना क्षेत्र के नवीन फुटवारी गांव में बीती रात दो पक्षों के विवाद की सूचना पर पहुंची डायल 112 की टीम खुद ही विवाद का कारण बन गई। आपातकालीन सेवा में तैनात पुलिसकर्मी और पायलट अत्यधिक शराब के नशे में धुत होकर पहुंचे और ग्रामीणों पर रौब झाड़ने लगे। जब ग्रामीणों ने इसका विरोध किया, तो नशे में धुत सिपाही गाली-गलौज और अभद्रता करने लगा। पुलिसकर्मी के इस आचरण से आक्रोशित ग्रामीणों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
कॉल करने पर भी नहीं पहुंचीं थाना प्रभारी
घटना के दौरान नशे में धुत पुलिसकर्मी के हंगामे को बढ़ता देख ग्रामीणों ने तुरंत थाना प्रभारी श्रद्धा शुक्ला को फोन लगाकर मामले की जानकारी दी और मौके पर आने का अनुरोध किया। लेकिन सूचना मिलने के बावजूद थाना प्रभारी मौके पर नहीं पहुंचीं। ग्रामीणों का आरोप है कि थाना प्रभारी अक्सर थाने से नदारद रहती हैं और महत्वपूर्ण घटनाओं के समय भी मौके पर मौजूद नहीं रहतीं।
प्रधान आरक्षक ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
थाना प्रभारी के न पहुंचने पर थाने से प्रधान आरक्षक पुलिस टीम के साथ नवीन फुटवारी पहुंचे और मोर्चा संभाला। प्रधान आरक्षक ने समझदारी दिखाते हुए आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और मामले में निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया, तब जाकर विवाद शांत हुआ।
दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि ऑन-ड्यूटी शराब पीकर अभद्रता करने वाले डायल 112 के पुलिसकर्मी व पायलट को तत्काल हटाया जाए। साथ ही, कर्तव्य में लापरवाही बरतने और फोन करने पर भी मौके पर न पहुंचने को लेकर थाना प्रभारी के खिलाफ भी जांच कर विभागीय कार्रवाई की जाए।