शाहपुरा में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई जा रही तेजा दशमी, तेजाजी के स्थानों पर लगा भव्य मेला
शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।
शाहपुरा। शहर में आज लोक देवता वीर तेजाजी महाराज का पावन पर्व तेजा दशमी पूरी श्रद्धा, हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया है। हर वर्ष की भांति इस बार भी तेजा दशमी के अवसर पर स्थानीय तेजाजी के स्थानों में एक भव्य मेले का आयोजन किया गया है, जहाँ सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। वीर तेजाजी के दर्शन कर मन्नत मांगने और धोक लगाने के लिए शहर तथा आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में भक्त पहुंच रहे हैं, जिससे नर्सिंगद्वार के पास तेजाजी के स्थान और कलिंजरी गेट स्थित तेजाजी के चारों तरफ आस्था का माहौल बना हुआ है।
मेले के दौरान तेजाजी के स्थानों और आस-पास के मार्गों पर जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है। तहनाल के तेजाजी के मेले में सजी घरेलू उपयोग के सामान की दुकानों, पारंपरिक बर्तनों की दुकानों के साथ-साथ बच्चों और युवाओं के आकर्षण का केंद्र रहे डोलर, चकरी और विभिन्न प्रकार के झूलों पर खरीदारों व मेलार्थियों की भारी भीड़ जुटी हुई है। लोग परिवार सहित मेले का लुत्फ उठा रहे हैं और जमकर खरीदारी कर रहे हैं। मेलार्थियों की सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन तथा गाँवो की ओर से विशेष प्रबंध व व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, जिससे किसी प्रकार की असुविधा न हो।