भीलवाड़ा में बाबा रामदेव जी महाराज की 17वीं विशाल शोभायात्रा व वाहन रैली धूमधाम से संपन्न
भीलवाड़ा :राजकुमार गोयल
भीलवाड़ा। बलाई समाज नवयुवक सेवा समिति भीलवाड़ा (पंजी.) के तत्वावधान में भगवान श्री बाबा रामदेव जी महाराज की 17वीं विशाल शोभायात्रा एवं वाहन रैली सोमवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ धूमधाम से संपन्न हुई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में समाजबंधुओं, महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों ने भाग लिया।
समिति के प्रवक्ता प्रकाश मेघवंशी ने बताया कि शोभायात्रा एवं वाहन रैली का शुभारंभ माण्डल विधायक उदयलाल भड़ाना, भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी, पूर्व राजस्व मंत्री एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामलाल जाट, पूर्व जिला प्रमुख एवं समिति संरक्षक सुशीला सालवी तथा समिति अध्यक्ष भंवरलाल बलाई ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर एवं हरी झंडी दिखाकर किया।
शोभायात्रा मुखर्जी उद्यान, भीलवाड़ा से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए हरणी महादेव स्थित श्री बाबा रामदेव जी मंदिर पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालु बाबा रामदेव जी के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। मार्ग में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों की ओर से शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया तथा श्रद्धालुओं के लिए अल्पाहार एवं जलपान की व्यवस्था की गई।
हरणी महादेव स्थित बाबा रामदेव जी मंदिर पहुंचने के बाद विधि-विधान एवं श्रद्धापूर्वक ध्वजा चढ़ाई गई, जिसके साथ ही शोभायात्रा का समापन हुआ। इसके पश्चात बाबा के भक्तों के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई।
इस अवसर पर समाज की विभिन्न संस्थाओं के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी, सामाजिक प्रबुद्धजन, मातृशक्ति, युवा तथा बाल-गोपाल बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकजुटता का माहौल देखने को मिला।
प्रवक्ता प्रकाश मेघवंशी ने बताया कि बलाई समाज नवयुवक सेवा समिति द्वारा प्रतिवर्ष बाबा रामदेव जी महाराज की शोभायात्रा का आयोजन समाज में धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता एवं भाईचारे की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से किया जाता है।