बीएसए ने संविलियन विद्यालय रतनपुर का किया औचक निरीक्षण, बच्चों को खुद पढ़ाया ‘अलंकार’
बच्चों के साथ बैठकर किया मध्याह्न भोजन, शैक्षणिक व्यवस्था की सराहना
#देवरिया,। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य ने गुरुवार को विकासखंड गौरीबाजार के संविलियन विद्यालय रतनपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, छात्र उपस्थिति, बुनियादी सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। विद्यालय की व्यवस्थाएं एवं शैक्षणिक वातावरण संतोषजनक पाया गया।
विद्यालय में कुल 241 विद्यार्थी नामांकित हैं, जिनमें से निरीक्षण के दौरान 187 विद्यार्थी उपस्थित मिले। प्रधानाध्यापक, छह शिक्षक एवं तीन अनुदेशक विद्यालय में कार्यरत हैं। निरीक्षण के समय सभी शिक्षक अपनी-अपनी कक्षाओं में शिक्षण कार्य करते पाए गए। समय-सारणी एवं शिक्षक संदर्शिका के अनुसार कक्षाएं संचालित हो रही थीं। सभी विद्यार्थियों को पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध थीं तथा बच्चे यूनिफॉर्म एवं जूते-मोजे में अनुशासित रूप से उपस्थित मिले।
निरीक्षण के दौरान बीएसए डॉ. राम जियावन मौर्य ने स्वयं कक्षा आठ के विद्यार्थियों को हिंदी विषय में ‘अलंकार’, कक्षा सात के विद्यार्थियों को विज्ञान में ‘अम्ल एवं क्षार’ तथा कक्षा छह के विद्यार्थियों को हिंदी व्याकरण में ‘वाक्यांश के लिए एक शब्द’ पढ़ाया। इसके बाद उन्होंने बच्चों के बीच बैठकर स्वयं मध्याह्न भोजन ग्रहण किया और भोजन की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया।
विद्यालय में ऑपरेशन कायाकल्प के तहत बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ किया गया है। स्मार्ट क्लास एवं स्मार्ट रूम के माध्यम से बच्चों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। सभी कक्षा-कक्षों में टाइल्स, रंगाई-पुताई, विद्युत कनेक्शन एवं उपकरण क्रियाशील पाए गए।
छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग स्वच्छ शौचालय, नियमित साफ-सफाई, किचन शेड एवं हाथ धोने की समुचित व्यवस्था उपलब्ध मिली। विद्यालय परिसर में जलभराव की समस्या भी नहीं पाई गई।
बीएसए डॉ. राम जियावन मौर्य ने विद्यार्थियों के अधिगम स्तर में सुधार के लिए शिक्षकों द्वारा किए जा रहे प्रयासों और विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण की सराहना की। उन्होंने समस्त स्टाफ को इसी प्रकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया।
#Deoria #DeoriaNews #BSADeoria #BasicShiksha #Gauribazar #Ratnapur #SchoolInspection #EducationNews #UttarPradesh #DeoriaPost