प्राथमिक विद्यालय के निरीक्षण में शिक्षक मिले अनुपस्थित, बीएसए को नोटिस जारी करने के निर्देश
#देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सलेमपुर ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय पिपरा भानुमती का निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्था और विद्यार्थियों की उपस्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में विद्यार्थियों की उपस्थिति कम मिली, जबकि एक शिक्षक अनुपस्थित पाए गए।
जिलाधिकारी ने इस पर संबंधित बीएसए को निर्देश दिया कि बीईओ के माध्यम से अनुपस्थित शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया जाए। साथ ही विद्यालय में डिजिटल अटेंडेंस व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कक्षा पांच के विद्यार्थियों से हिंदी और अंग्रेजी विषय से जुड़े प्रश्न पूछकर उनके शैक्षिक स्तर की जांच की। विद्यार्थियों की प्रश्नों के उत्तर देने और पाठ को पढ़कर समझने की क्षमता संतोषजनक पाई गई।
उन्होंने शिक्षकों को निर्देशित किया कि बच्चों की सीखने की क्षमता को बेहतर बनाने के लिए प्रभावी पेडागॉजी तकनीकों का निरंतर प्रयोग करें। प्रत्येक बच्चे को निपुण बनाने के साथ विद्यालय और विकासखंड को भी निपुणता के लक्ष्य तक पहुंचाने पर जोर दिया।
डीएम ने बच्चों को नियमित रूप से समय से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। वहीं, अभिभावकों से भी बच्चों को नियमित और समय से विद्यालय भेजने की अपील की।
उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को सतत निगरानी और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए अधिकारी नियमित निरीक्षण करें और सामने आने वाली कमियों को तत्काल दूर कराएं।
#Deoria #DeoriaNews #DeoriaPost #DMDeoria #MadhusudanHulgi #Salempur #BasicEducation #EducationNews #UPNews #SchoolInspection