प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुर्साकांटा का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, तत्काल पीएचसी वैकल्पिक भवन में संचालन का निर्देश
जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन द्वारा बुधवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, कुर्साकांटा का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, आवश्यक व्यवस्थाओं एवं मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र के विभिन्न कक्षों एवं परिसर का जायजा लेते हुए चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति, मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, दवा की उपलब्धता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू एवं प्रभावी बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के वर्तमान भवन एवं उपलब्ध संसाधनों की स्थिति को देखते हुए तत्काल किसी अन्य उपयुक्त भवन को चिन्हित कर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का संचालन वहां से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को वैकल्पिक भवन में आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन निर्बाध रूप से सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आम लोगों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाएं।
जिला प्रशासन अररिया
Information & Public Relations Department, Government of Bihar