बहादुरगंज :- जिला पदाधिकारी किशनगंज श्री नवीन कुमार को मांग पत्र सौंपे जाने के बाद प्रशासन हरकत में आया है, डीएम के निर्देश पर मंगलवार को किशनगंज के अनुमंडल दंडाधिकारी (SDM) श्री अनिकेत कुमार एवं ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल-1 के कार्यपालक अभियंता पंकज कुमार, कनीय अभियंता बिपिन कुमार एवं स्थानीय जिला पार्षद प्रतिनिधि इमरान आलम ने बहादुरगंज प्रखंड के महेशबथना पंचायत अंतर्गत खाकवा नदी के नोदिया टोली - बैसा घाट का स्थलीय निरीक्षण किया।
बताते चलें कि जिला परिषद सदस्य इमरान आलम के ने सोमवार को डीएम किशनगंज को उनके कार्यालय में मिलकर एक मार्मिक मांग पत्र सौंपा था, जिसमें बताया गया था कि पुल नहीं रहने के कारण बैसा कब्रिस्तान तक पहुंचने के लिए 14 गांवों के ग्रामीणों को अपने परिजन के शव को कंधे पर रखकर छाती भर पानी में तैरकर नदी पार करनी पड़ती है। इसका एक हृदय विदारक तस्वीर भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसने मानवता को झकझोर कर रख दिया था।
इस समस्या से बीरपुर, चकचकी, नोदियाटोली, झींगाकाटा इस्तमरार, झींगाकाटा तौफीर, झींगाकाटा लाट टोला, दक्षिण टोला, हाटटोला, दोगच्छी, दर्जीटोला, बैसा, धापरटोली, तेघड़िया खास, युनुस टोला, लोचा सहित 14 गांवों की लगभग 20 से 30 हजार की आबादी प्रभावित है। यह घाट बहादुरगंज प्रखंड मुख्यालय से 8 किलोमीटर एवं एलआरपी चौक से 12 किलोमीटर पर स्थित है। बैसा झींगाकाटा कब्रिस्तान ही उक्त सभी गांव के लोगों का आखरी ठिकाना है, इनके पूर्वज भी इसी कब्रिस्तान में दफन है।
मंगलवार को निरीक्षण के दौरान SDM श्री अनिकेत कुमार ने स्थानीय लोगों से पूरी वस्तु स्थिति की जानकारी ली और ग्रामीणों की पीड़ा को देखा। उन्होंने मौजूद कार्यपालक अभियंता को अविलंब यथोचित कार्रवाई कर वरीय कार्यालय को भेजने का निर्देश दिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि रिपोर्ट जिला पदाधिकारी को सौंपी जाएगी और इस पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई होगी।
मौके पर मौजूद जिला परिषद सदस्य इमरान आलम ने कहा कि "यह सिर्फ पुल की मांग नहीं, बल्कि इंसान की गरिमामय अंतिम विदाई के अधिकार की मांग है। डीएम साहब ने हमारी बात को गंभीरता से सुना और त्वरित जांच टीम भेजी, इसके लिए हम उनके आभारी हैं। हमें उम्मीद है कि जल्द ही पुल का निर्माण शुरू होगा।"
निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक कर्मी मौजूद थे। ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत किया है और जल्द पुल निर्माण की उम्मीद जताई है।
इसके इलावे लौचा से महेशबथना गांव जाने वाली सड़क कटाव का भी निरक्षण किया, मौके पर ही अनुमंडल दंडाधिकारी अनिकेत कुमार ने कार्यपालक अभियंता ग्रामीण कार्य विभाग को सड़क को तत्काल मोटरेबल करने का आदेश दिया एवं सुखाड़ के समय परमानेंट रेस्टोरेशन करने को कहा। ताकि इसके कारण कोई लॉ एंड ऑर्डर की समस्या उत्पन्न नहीं हो।