• खुशियों की दास्तां
• सीहोर के बदलाव की दास्तां लिख रहा है बडि़याखेड़ी औद्योगिक क्षेत्र
• उद्योगों की स्थापना से रोजगार, निवेश और व्यापार को मिल रही नई रफ्तार
• 102 औद्योगिक इकाइयों के लिए 103.744 हेक्टेयर भूमि आवंटित, करीब 3,750.81 करोड़ रुपये के निवेश और 7,156 रोजगार की संभावना
सीहोर जिले के विकास की तस्वीर अब केवल कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था तक सीमित नहीं है। जिले में तेजी से आकार ले रही औद्योगिक गतिविधियां विकास की नई कहानी लिख रही हैं। ’’बउि़याखेड़ी औद्योगिक क्षेत्र’’ इसी बदलती तस्वीर का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभर रहा है। यहां स्थापित हो रही औद्योगिक इकाइयां जिले में निवेश, रोजगार और व्यापार-व्यवसाय के नए अवसरों के द्वार खोल रही हैं। उद्योगों की गतिविधियां बढ़ने से न केवल स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित हो रहे हैं, बल्कि सहायक उद्योगों, परिवहन, सेवा क्षेत्र और छोटे व्यवसायों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
बडि़याखेड़ी औद्योगिक क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। क्षेत्र में कुल 102 औद्योगिक इकाइयों के लिए 103.744 हेक्टेयर भूमि आवंटित’’ की गई है। इन इकाइयों के पूर्ण रूप से स्थापित एवं संचालित होने के बाद लगभग 3,750.81 करोड़ रुपये का निवेश प्राप्त होने तथा करीब 10000 व्यक्तियों को रोजगार मिलने की संभावना है। यह निवेश सीहोर की स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ जिले को औद्योगिक विकास के नए अवसरों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
औद्योगिक क्षेत्र में नई इकाइयों की स्थापना का सबसे प्रत्यक्ष लाभ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों के रूप में सामने आ रहा है। स्थानीय युवाओं को अपने ही जिले में रोजगार के नए विकल्प मिल रहे हैं। इससे रोजगार के लिए अन्य शहरों की ओर जाने की आवश्यकता कम होगी और स्थानीय मानव संसाधन का उपयोग जिले के आर्थिक विकास में हो सकेगा। उद्योगों के साथ प्रत्यक्ष रोजगार के अलावा अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी बढ़ते हैं। परिवहन, लॉजिस्टिक्स, पैकेजिंग, मरम्मत एवं रखरखाव, भोजन, किराना, आवास, सुरक्षा, तकनीकी सेवाओं सहित अनेक छोटे-बड़े व्यवसायों को औद्योगिक गतिविधियों से नई मांग मिलने की संभावना है। इस प्रकार एक उद्योग के आसपास आर्थिक गतिविधियों की पूरी श्रृंखला विकसित होती है, जिसका लाभ स्थानीय बाजार और आम नागरिकों तक पहुंचता है।
बडियाखेडी औद्योगिक क्षेत्र में उद्योगों की बढ़ती मौजूदगी सीहोर के व्यापारिक परिदृश्य को भी विस्तार दे रही है। बड़े उद्योगों के साथ अनेक सहायक एवं ं अधीनस्थ इकाइयों के लिए संभावनाएं बनती हैं। स्थानीय उद्यमियों के लिए उद्योगों को आवश्यक सामग्री और सेवाएं उपलब्ध कराने के नए अवसर पैदा होंगे। औद्योगिक गतिविधियों में वृद्धि का प्रभाव स्थानीय बाजार पर भी दिखाई देगा। कर्मचारियों और उद्योगों की आवश्यकताओं से वस्तुओं और सेवाओं की मांग बढ़ेगी। इससे छोटे व्यापारियों, दुकानदारों, परिवहन व्यवसायियों और सेवा प्रदाताओं को लाभ मिलने की संभावना है। इस तरह औद्योगिक विकास जिले की अर्थव्यवस्था के विभिन्न क्षेत्रों को आपस में जोड़ने का कार्य करेगा।
बडि़याखेड़ी औद्योगिक क्षेत्र की खासियत यह है कि यहां विभिन्न स्तर की औद्योगिक गतिविधियों के लिए अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। क्षेत्र में प्रमुख औद्योगिक इकाई ’’एम/एस आईटीसी फाइबर लिमिटेड’’ स्थापित होकर संचालित है। इसके अलावा आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में भी कई प्रमुख कंपनियां अपनी गतिविधियां संचालित कर रही हैं।इनमें ’’मेसर्स पर्पलस्टार मैन्युफैक्चरिंग प्राइवेट लिमिटेड, मेसर्स बारमाल्ट माल्टिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, मेसर्स सिक्योर सर्किट्स प्राइवेट लिमिटेड तथा क्रायफ्स पावर कंपोनेंट्स प्राइवेट लिमिटेड’’ जैसी इकाइयां शामिल हैं। इन औद्योगिक इकाइयों की मौजूदगी सीहोर में विकसित हो रहे औद्योगिक वातावरण की क्षमता को दर्शाती है।
औद्योगिक निवेश केवल उद्योग परिसर तक सीमित नहीं रहता। इसके साथ स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों का विस्तार होता है। उत्पादन बढ़ने के साथ परिवहन, आपूर्ति श्रृंखला और सेवाओं की मांग बढ़ती है। व्यापारिक गतिविधियों के विस्तार से बाजार को मजबूती मिलती है और शासन को भी विभिन्न माध्यमों से राजस्व प्राप्त होता है। इस दृष्टि से बडि़याखेड़ी औद्योगिक क्षेत्र सीहोर के लिए केवल उद्योगों की स्थापना का स्थान नहीं, बल्कि रोजगार, निवेश, व्यापार और आर्थिक विकास का नया आधार बन रहा है। औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार से जिले में आर्थिक अवसरों का दायरा बढ़ने की उम्मीद है।
सीहोर के युवा रोजगार और बेहतर अवसरों की तलाश में अक्सर बड़े शहरों की ओर रुख करते हैं। जिले में औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार उन्हें स्थानीय स्तर पर नए विकल्प उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आधुनिक उद्योगों में रोजगार के साथ तकनीकी कौशल और प्रशिक्षण के अवसर भी मिलते हैं, जिससे युवाओं की क्षमता और दक्षता को नई दिशा मिल सकती है। बडि़याखेड़ी में विकसित हो रहा औद्योगिक वातावरण आने वाले समय में सीहोर की पहचान को एक ऐसे जिले के रूप में मजबूत कर सकता है, जहां कृषि के साथ उद्योग और सेवा क्षेत्र भी आर्थिक विकास के महत्वपूर्ण आधार बन रहे हैं।
बडि़याखेड़ी औद्योगिक क्षेत्र में दिखाई दे रही गतिविधियां सीहोर के बदलते आर्थिक परिदृश्य की झलक प्रस्तुत करती हैं। 102 इकाइयों के लिए आवंटित भूमि, संभावित 3,750.81 करोड़ रुपये का निवेश और करीब 7,156 रोजगार के अवसर आने वाले समय की संभावनाओं को रेखांकित करते हैं। उद्योगों के साथ बढ़ते सहायक व्यवसाय और व्यापारिक गतिविधियां विकास की इस प्रक्रिया को और व्यापक बनाएंगी। बडि़याखेड़ी में आकार लेता यह औद्योगिक विस्तार सीहोर के लिए सिर्फ नई फैक्ट्रियों का आगमन नहीं, बल्कि रोजगार, उद्यमिता और आर्थिक समृद्धि की नई संभावनाओं का विस्तार है, एक ऐसी बदलती तस्वीर, जिसमें जिले के युवाओं और स्थानीय कारोबारियों के सपनों को नई दिशा मिल रही है।
#JansamparkMP #CMMadhyaPradesh #MadhyaPradesh #sehore