कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन की सघन जांच, मिठाइयों के नमूने लिए
कलेक्टर बालागुरू के. के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों पर विशेष निगरानी एवं सैंपलिंग की कार्रवाई सतत जारी है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा गोपालपुरा स्थित गणेश मंदिर के पास संचालित राधे-राधे प्रसाद भंडार का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विक्रय की जा रही बूंदी के लड्डू का नमूना जांच हेतु एकत्रित कर खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया। साथ ही दुकान में रखी पुरानी मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट कराया गया। दुकानदार को ताजी एवं शुद्ध मिठाइयों का ही विक्रय करने की हिदायत दी गई।
इसके अतिरिक्त प्रथम श्री प्रसाद भंडार से बेसन के लड्डू एवं मोदक के नमूने भी जांच के लिए एकत्रित कर खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए। निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को समोसे, कचौड़ी एवं अन्य खाद्य पदार्थों के निर्माण में बार-बार उपयोग किए गए तेल का प्रयोग नहीं करने की समझाइश दी गई। तीन बार से अधिक उपयोग किए गए तथा काले पड़ चुके तेल को मौके पर ही फिंकवाया गया। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी एडलिन पन्ना द्वारा सभी खाद्य व्यवसाय संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
#JansamparkMP #CMMadhyaPradesh #MadhyaPradesh #sehore