#भरतपुर। भुसावर उपखंड के बाछरैन गांव में मंगलवार की देर शाम करीब 8 बजे घरों में अचानक बिजली का हाई-वोल्टेज करंट दौड़ने से एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में करंट लगने से रवि पुत्र समंदर नामक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के दो अन्य सदस्य विशाल और कल्लो गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को तुरंत स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार देने के बाद गंभीर हालत में जयपुर के एसएमएस अस्पताल में रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। इस घटना के बाद से ग्रामीणों में बिजली विभाग की भारी लापरवाही को लेकर गहरा आक्रोश है। गुस्साए ग्रामीण पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही खेड़ली मोड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और संबंधित बिजली विभाग के अधिकारियों को भी सूचना दे दी गई है।