छात्राओं के नवाचार को स्टार्ट-अप में बदलने पर दिया जोर
यमुनानगर। डीएवी कॉलेज फॉर गर्ल्स में इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल व कैंपस इनोवेशन एंड इन्क्यूबेशन सेंटर की ओर से डेमो डे व स्टार्ट-अप प्रजेंटेशन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आईआईसी उपाध्यक्ष डॉ. सुनीता कौशिक व कनवीनर विवेक ने की। इस दौरान छात्राओं ने विभिन्न सामाजिक एवं व्यावहारिक समस्याओं से जुड़े अपने नवाचार आधारित विचार प्रस्तुत किए।
बीकॉम प्रथम वर्ष की छात्रा गुरप्रीत कौर ने पुराने कपड़ों के पुनः उपयोग, बीकॉम ऑनर्स अंतिम वर्ष की छात्रा आयुषी ने फिटनेस, बीकॉम जनरल द्वितीय वर्ष की छात्रा गायत्री ने सुगंधित मोमबत्तियों तथा बीए मनोविज्ञान ऑनर्स द्वितीय वर्ष की छात्रा मन्नत कांबोज ने सहपाठी सहानुभूति से संबंधित अपने विचार प्रस्तुत किए। छात्राओं ने अपने विचारों के उद्देश्य, उपयोगिता और संभावित व्यावसायिक स्वरूप के बारे में जानकारी दी।
कनवीनर विवेक ने कहा कि कॉलेज का इन्क्यूबेशन केंद्र विद्यार्थियों को विशेषज्ञ मार्गदर्शन, आवश्यक सुविधाएं, संपर्क व्यवस्था और नमूना निर्माण में सहयोग उपलब्ध करवाएगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों के नए विचारों को व्यावहारिक रूप देकर सफल स्टार्ट-अप के रूप में विकसित करना है।
अंबाला स्थित अमृतांश सॉल्यूशंस के संस्थापक मुकुल गुजराल ने इन्क्यूबेशन केंद्रों की कार्यप्रणाली और उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को अपने विचारों को नमूना निर्माण, परीक्षण और स्टार्ट-अप निर्माण के चरण तक आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। इनोवेशन एंबेसडर ममता थापर व मुकुल गुजराल ने प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया। कार्यक्रम के आयोजन में डॉ. परमेश कुमार, जस्मीत कौर, शैली चौहान व वैशाली का विशेष योगदान रहा।
#hvn24