एसडीएम ने शैक्षणिक संस्थाओं का आकस्मिक निरीक्षण कर विद्यार्थियों को दिया मार्गदर्शन
बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए विद्यार्थियों को किए प्रेरित, व्यवस्थाओं के संबंध में दिए आवश्यक निर्देश
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) झाबुआ श्री महेश मंडलोई ने गुरुवार को राणापुर क्षेत्र के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों का आकस्मिक निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं छात्रावासीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी, नियमित अध्ययन एवं लक्ष्य आधारित शिक्षा के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया।
निरीक्षण के दौरान श्री मंडलोई सर्वप्रथम सीनियर बालक छात्रावास, कंजावानी पहुंचे। उन्होंने छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी विद्यार्थियों से प्राप्त की। विद्यार्थियों द्वारा व्यवस्थाओं के प्रति संतोष व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर उन्होंने विशेष रूप से कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, विषयवार समय-सारिणी बनाकर तैयारी करने तथा विज्ञान, गणित एवं अंग्रेजी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने विद्यार्थियों से बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने का आह्वान किया।
इसके पश्चात श्री मंडलोई ने अनुदान प्राप्त अशासकीय कन्या शिक्षा परिसर, मांडली नाथू का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं से संवाद करते हुए उनके शैक्षणिक एवं भविष्य संबंधी लक्ष्यों की जानकारी प्राप्त की।
छात्राओं द्वारा कलेक्टर, चिकित्सक सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने की अभिलाषा व्यक्त किए जाने पर उन्होंने उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम एवं अनुशासित अध्ययन के माध्यम से सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प, नियमित अध्ययन एवं सकारात्मक सोच से प्रत्येक लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
निरीक्षण के दौरान श्री मंडलोई ने कन्या शिक्षा परिसर की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक सुधार एवं व्यवस्थाओं के प्रभावी संचालन के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री राकेश सोनी एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्री आर.एस. बामनिया सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Department of School Education, Madhya Pradesh #Jhabua #JansamparkMP