"नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान के तहत कैथोलिक मिशन स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
नशा मुक्ति का संकल्प लेकर विद्यार्थियों ने लिया समाज को जागरूक बनाने का दायित्व
संचालनालय सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के मार्गदर्शन में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग तथा पुलिस विभाग, झाबुआ के संयुक्त तत्वावधान में "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान के अंतर्गत गुरुवार को कैथोलिक मिशन हायर सेकेंडरी स्कूल, झाबुआ में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों, उससे बचाव के उपाय तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर पुलिस विभाग की ओर से एसडीओपी झाबुआ श्री कमलेश शर्मा ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति से होने वाली दुर्घटनाओं एवं अपराधों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और अपने साथ-साथ समाज को भी जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज के भविष्य को प्रभावित करता है।
उपसंचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग श्री पंकज सांवले ने जिले में संचालित नशा मुक्त भारत अभियान की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं परिचितों को एनएमबीए (नशा मुक्त भारत अभियान) पोर्टल पर ऑनलाइन शपथ लेकर प्रमाण-पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से "नशा मुक्ति मित्र" बनकर अभियान से जुड़ने तथा अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने की अपील की।
सामाजिक सुरक्षा अधिकारी सुश्री निधि ठाकुर ने विद्यार्थियों को नशे की लत के प्रारंभिक लक्षण, रोकथाम के प्रभावी उपाय तथा मानसिक स्वास्थ्य एवं नशा मुक्ति से संबंधित सहायता सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने मानस हेल्पलाइन-1933 एवं नशा मुक्ति हेल्पलाइन-14446 के बारे में भी विस्तार से बताया।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी संस्था की ओर से ज्योति दीदी ने प्रेरक प्रसंगों के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश दिया। वहीं विश्व गायत्री परिवार के श्री घनश्याम दास बैरागी ने आत्मबल, चरित्र निर्माण एवं जनकल्याण के लिए नशामुक्त जीवन को आवश्यक बताते हुए विद्यार्थियों को सकारात्मक जीवन मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान सभी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने नशा मुक्ति की शपथ लेकर स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ शिक्षिका श्रीमती आभा तोमर ने किया तथा आभार प्रदर्शन विद्यालय के प्राचार्य फादर निरंजन ने किया। इस अवसर पर विद्यालय की वाइस प्रिंसिपल सिस्टर सजीता, श्री ललित बैरागी, पुलिस विभाग से श्री अशफाक खान, श्री वेसता सोलंकी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Social Justice and Disabled Welfare Department ,Madhya Pradesh #Jhabua #JansamparkMP