प्रेस विज्ञप्ति
नाबालिग टोटो चालकों एवं यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध कार्रवाई, वाहनों के कागजात एवं हेलमेट की जांच
आमजनों से प्राप्त शिकायतों के आलोक में नाबालिग चालकों द्वारा टोटो का परिचालन किए जाने तथा यातायात नियमों के उल्लंघन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आज परिवहन विभाग द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान टोटो वाहनों के आवश्यक कागजात, यथा चालक का ड्राइविंग लाइसेंस (DL), वाहन का निबंधन प्रमाण-पत्र (Registration) सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। साथ ही, मोटरसाइकिल चालकों द्वारा हेलमेट के उपयोग की भी जांच की गई तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।
नाबालिग अथवा अप्रशिक्षित चालकों द्वारा टोटो का परिचालन किए जाने से सड़क दुर्घटना की संभावना बढ़ जाती है। इसके अतिरिक्त, यातायात नियमों का पालन नहीं करने एवं वाहनों को गलत तरीके से पार्क किए जाने के कारण शहर में जाम की समस्या उत्पन्न होती है। इसको ध्यान में रखते हुए गलत पार्किंग करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई।
नाबालिग चालकों द्वारा टोटो का परिचालन नहीं करने के संबंध में पूर्व में भी वाहन मालिकों एवं चालकों को स्पष्ट रूप से चेतावनी दी गई है। परिवहन विभाग द्वारा आमजनों की सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आगामी दिनों में ऐसे मामलों में और अधिक सख्ती से कार्रवाई करते हुए नियमों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
अभियान के दौरान कुल 22 वाहनों की जांच/कार्रवाई की गई, जिनसे यातायात नियमों के उल्लंघन के लिए कुल ₹82,500 का जुर्माना (चालान) किया गया।
परिवहन विभाग द्वारा सभी टोटो चालकों एवं वाहन मालिकों से अपील की गई है कि वे अपने वाहन के सभी आवश्यक कागजात अद्यतन रखें, वैध ड्राइविंग लाइसेंसधारी चालक से ही वाहन का परिचालन कराएं तथा यातायात के सभी नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। सभी ऑटो, टोटो एवं ट्रैक्टर चालकों से भी अनुरोध है कि वे ओवरस्पीडिंग एवं गलत तरीके से वाहन खड़ा कर जाम की स्थिति उत्पन्न करने से बचें तथा आमजनों की सुविधा एवं सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था में सहयोग करें।
7 views | Lakhisarai, Bihar | Sep 1, 2026