प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, लखीसराय।
दिनांक 01.09.2026
अपर समाहर्ता, श्री नीरज कुमार की अध्यक्षता में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अंतर्गत संचालित जल-जीवन-हरियाली अभियान की समीक्षा बैठक समाहरणालय लखीसराय स्थित मंत्रणा कक्ष में आयोजित की गई।
बैठक में अपर समाहर्ता महोदय द्वारा अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान अपर समाहर्ता ने सभी अंचलाधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि अंचल अंतर्गत कागजात पर दर्ज सभी जल निकायों को चिन्हित करते हुए उन्हें अतिक्रमणमुक्त कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी जल निकाय पर स्थायी अतिक्रमण पाए जाने की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उसे अतिक्रमणमुक्त कराया जाए। सभी अंचलाधिकारियों को एक माह के भीतर अपने-अपने क्षेत्र के सभी चिन्हित जल निकायों को अतिक्रमणमुक्त कराने का निर्देश दिया गया।
प्रभारी पदाधिकारी, राजस्व श्री शशि कुमार ने बताया कि सभी अंचलाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में संबंधित राजस्व कर्मचारियों के माध्यम से स्थल जांच कराकर जल स्रोतों एवं जल निकायों का चिन्हांकन सुनिश्चित करें। इसके साथ ही सार्वजनिक कुओं को भी चिन्हित कर उनका विवरण तैयार करने का निर्देश दिया गया। बैठक में सार्वजनिक जल संरचनाओं के रखरखाव, संरक्षण एवं उनके समुचित उपयोग पर भी विशेष बल दिया गया।
समीक्षा के दौरान जल-जीवन-हरियाली अभियान के विभिन्न क्रियान्वयन विभागों—ग्रामीण कार्य विभाग, नगर विकास एवं आवास विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग तथा पंचायती राज विभाग—के नोडल पदाधिकारियों से क्रमवार अभियान के तहत किए गए कार्यों की जानकारी ली गई। संबंधित पदाधिकारियों को अपने विभाग से जुड़े कार्यों की प्रगति में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया गया।
पंचायती राज विभाग द्वारा बताया गया कि विभाग के अंतर्गत अब तक 395 कुओं के जीर्णोद्धार का कार्य किया गया है। वर्तमान में विभाग द्वारा वर्षा जल संचयन से संबंधित कार्य भी किए जा रहे हैं। बैठक में वर्षा जल के संरक्षण एवं भू-जल स्तर को बनाए रखने के लिए जल संचयन संरचनाओं के निर्माण एवं संरक्षण को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया गया।
अपर समाहर्ता ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ जल-जीवन-हरियाली अभियान के कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा प्रगति प्रतिवेदन नियमित रूप से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
बैठक में प्रभारी पदाधिकारी राजस्व शाखा श्री शशि कुमार, जिला योजना पदाधिकारी श्री आशुतोष कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री यदुवंश राम पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, सिविल सर्जन श्री जयप्रकाश सिंह सहित अन्य जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।