जिला पंचायत सीईओ ने सहकारी संस्था धनेरिया कला में खाद स्टॉक का किया निरीक्षण
खाद वितरण, किसान क्रेडिट कार्ड एवं ऋण वितरण की स्थिति की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव ने शुक्रवार को ग्राम पंचायत धनेरिया कला स्थित बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी सोसायटी मर्यादित का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संस्था में उपलब्ध खाद के स्टॉक,किसानों को उर्वरक वितरण,किसान क्रेडिट कार्ड,ऋण वितरण एवं ऋण वसूली सहित विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ ने फर्टिलाइजर गोदाम में उपलब्ध खाद के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया। उन्होंने खाद के व्यवस्थित संधारण तथा स्टॉक का नियमित मिलान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रतिदिन डेली स्टॉक रजिस्टर अपडेट करने और उपलब्ध खाद एवं वितरित उर्वरकों का सही रिकॉर्ड संधारित करने को कहा।
उन्होंने किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से दिए जा रहे ऋण, ऋण वितरण एवं वसूली की प्रगति की जानकारी ली। इसके अलावा नैनो यूरिया, नैनो डीएपी सहित अन्य उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था का भी जायजा लिया।
जिला पंचायत सीईओ श्री वैष्णव ने निर्देश दिए कि किसानों को खाद एवं उर्वरकों का वितरण शासन के निर्धारित नियमों के अनुरूप पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित किया जाए। खाद की उपलब्धता, स्टॉक एवं वितरण का नियमित रिकॉर्ड रखा जाए, ताकि किसानों को आवश्यकता के अनुसार समय पर उर्वरक उपलब्ध हो सकें। उन्होंने संस्था की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित एवं जवाबदेह बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम नीमच श्री पराग जैन, प्रशासक सुश्री रितु पटेल, प्रबंधक श्री तेजपाल कुमावत सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Food, Civil Supplies & Protection - Madhya Pradesh
#Neemuch #नीमच #मुख्यमंत्रीजनविश्वासअभियान