खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना एवं जिला प्रशासन, बांका के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पाँच दिवसीय जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता (2026-27) का आज भव्य एवं सफल समापन हो गया। दिनांक 06.10.2026 से 10.10.2026 तक चले इस खेल महाकुंभ के समापन के साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित खिलाड़ियों के अगले बड़े पड़ाव की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन टेबल टेनिस एवं साइक्लिंग स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। समापन समारोह के दौरान जिला खेल पदाधिकारी, बांका द्वारा विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए जिला खेल पदाधिकारी ने कहा कि बांका के खिलाड़ियों ने जिला स्तर पर अद्भुत खेल भावना और अनुशासन का परिचय दिया है। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर चयनित खिलाड़ी कल, यानी 11 अक्टूबर 2026 से भागलपुर में आयोजित होने वाली प्रमंडलीय स्तरीय खेल प्रतियोगिता में बांका जिले का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रस्थान करेंगे।
यह प्रमंडलीय प्रतियोगिता दिनांक 11.10.2026 से 14.10.2026 तक भागलपुर में आयोजित की जाएगी। विभिन्न खेल विधाओं में U-14, U-17 एवं U-19 आयु वर्ग के चयनित बालक एवं बालिका खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का पुरजोर प्रदर्शन करने और जिले का नाम रोशन करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
टीम के कोच एवं शारीरिक शिक्षकों के मार्गदर्शन में चयनित खिलाड़ियों की अंतिम सूची तैयार कर ली गई है। जिला खेल पदाधिकारी ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को अपनी शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि हमारे खिलाड़ी प्रमंडल स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी जगह अवश्य पक्की करेंगे।
Banka, Bihar | Oct 10, 2026