मंदार महोत्सव 2027 की तैयारियों को लेकर जिला पदाधिकारी ने कृषि प्रदर्शनी मेला ग्राउंड एवं मंदार पर्वत क्षेत्र का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश।
मंदार महोत्सव 2027 की तैयारियों के मद्देनजर आज जिला पदाधिकारी, बाँका श्री अंशुल अग्रवाल द्वारा कृषि प्रदर्शनी मेला ग्राउंड एवं मंदार पर्वत क्षेत्र का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने सर्वप्रथम कृषि प्रदर्शनी का जायजा लिया तथा वहां की जा रही तैयारियों एवं प्रदर्शित किए जाने वाले कृषि उपकरणों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि इस वर्ष पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर एवं व्यवस्थित कृषि प्रदर्शनी का आयोजन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही मेला परिसर की साफ-सफाई एवं रंग-रोगन कराने का निर्देश नगर पंचायत को दिया गया। कृषि से संबंधित यंत्रों की बिक्री बाजार मूल्य से कम दर पर सुनिश्चित कराने हेतु भी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया।
जिला पदाधिकारी ने मेला मैदान में साफ-सफाई के साथ समतलीकरण कराने तथा आवश्यकता के अनुसार विभिन्न स्थानों पर बैरिकेडिंग कराने का निर्देश दिया। साथ ही मेला क्षेत्र में विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इसके पश्चात जिला पदाधिकारी ने मंदार पर्वत एवं पापहरणी सरोवर क्षेत्र का निरीक्षण किया। पापहरणी सरोवर में गंदगी पाए जाने पर तत्काल साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुरक्षा के मद्देनजर सरोवर के आसपास आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग कराने तथा ठंड को देखते हुए मेला क्षेत्र में प्रमुख स्थानों पर अलाव एवं श्रद्धालुओं के लिए गर्म पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
वहीं, मंदार पर्वत के आसपास चल रहे सौंदर्यीकरण एवं लाइटिंग कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला पदाधिकारी ने संबंधित संवेदक को कार्य में तेजी लाने एवं निर्धारित समयसीमा के अंदर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। साथ ही सफा धर्मावलंबियों की सुविधा एवं धार्मिक परंपराओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया।
जिला पदाधिकारी ने मेला क्षेत्र में आवश्यकतानुसार दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति करने तथा लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग को मेला अवधि में पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही मेला क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में स्वच्छ एवं क्रियाशील शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मंदार महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता एवं बेहतर व्यवस्था प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूर्ण करें, ताकि मंदार महोत्सव 2027 का आयोजन सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं भव्य तरीके से किया जा सके।
*"मद्यपान से दूरी, स्वस्थ जीवन के लिए जरूरी।"*
Banka, Bihar | Nov 24, 2026