शहर के सौंदर्यीकरण को नई दिशा देने की तैयारी, मेयर व पार्षदों ने गुरुग्राम की परियोजनाओं का लिया जायजा
मेयर ने एएमसी व पार्षदों के साथ गुरुग्राम, दिल्ली व नोएडा की आधुनिक परियोजनाओं का किया अध्ययन
मेयर बोली, मल्टीलेवल पार्किंग समेत विभिन्न परियोजनाओं को शहर में विकसित करने की दिशा में किया जाएगा काम
यमुनानगर। शहर के सौंदर्यीकरण और विकास को नई दिशा देने के लिए नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी द्वारा आधुनिक परियोजनाओं का अध्ययन किया जा रहा है। इसी कड़ी में मेयर सुमन बहमनी ने अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार, निगम अधिकारियों व पार्षदों के साथ गुरुग्राम, दिल्ली और नोएडा का दौरा किया। इस दौरान टीम ने वहां विकसित की गई आधुनिक पार्किंग, पार्क, स्वीमिंग पूल, नगर निगम भवन और वेस्ट से बेस्ट की अवधारणा पर आधारित परियोजनाओं का जायजा लिया।
दौरे की शुरुआत गुरुग्राम से हुई। गुरुग्राम पहुंचने पर नगर निगम गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा ने मेयर सुमन बहमनी व अन्य का स्वागत किया। इसके बाद दोनों मेयरों की मौजूदगी में बैठक हुई, जिसमें गुरुग्राम में करवाए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों और आधुनिक परियोजनाओं की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने परियोजनाओं की उपयोगिता, निर्माण प्रक्रिया और शहर के विकास में उनके योगदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इसके बाद मेयर सुमन बहमनी व उनकी टीम ने सदर बाजार महरौली रोड पर निर्माणाधीन गुरुग्राम नगर निगम के अत्याधुनिक भवन का दौरा किया। टीम ने यहां भवन की डिजाइन, सुविधाओं और आधुनिक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद निर्माणाधीन स्वीमिंग पूल, मल्टीलेवल पार्किंग और वंडर पार्क का भी निरीक्षण किया गया। मल्टीलेवल पार्किंग के माध्यम से सीमित स्थान में अधिक वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था तथा वंडर पार्क में आकर्षक कलाकृतियों व मनोरंजन की सुविधाओं का जायजा लिया गया। गुरुग्राम के बाद टीम ने दिल्ली के विभिन्न पार्कों का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं और सौंदर्यीकरण के मॉडल को देखा। इसके बाद नोएडा के जंगल पार्क का निरीक्षण किया गया। यहां वेस्ट सामग्री का उपयोग कर हाथी, ऊंट, घोड़े और अन्य जंगली पशुओं की आकर्षक आकृतियां बनाई गई हैं। इन कलाकृतियों के माध्यम से पार्क में वेस्ट से बेस्ट की अवधारणा को प्रभावी तरीके से प्रदर्शित किया गया है। दौरे पर मेयर सुमन बहमनी के साथ अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार, अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार, कार्यकारी अभियंता हरीश कुमार, कनिष्ठ अभियंता अभिषेक, अरविंद, पार्षद रीना रस्तोगी, प्रियांक शर्मा, मनु सिंगला, रुचि शर्मा, मंजीत कौर, संदीप धीमान, दीक्षित धीमान, विक्रम राणा आदि मौजूद रहें।
---------------
मल्टीलेवल पार्किंग जैसी परियोजनाओं पर किया जाएगा काम - सुमन बहमनी
मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि यमुनानगर-जगाधरी को आधुनिक और सुंदर शहर बनाने के लिए दूसरे शहरों में किए गए बेहतर कार्यों से सीख ली जाएगी। गुरुग्राम जैसी मल्टीलेवल पार्किंग, वेस्ट से बेस्ट कलाकृतियों वाले पार्क और वंडर पार्क जैसी परियोजनाओं को शहर में विकसित करने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना निगम की प्राथमिकता है। आधुनिक परियोजनाओं को स्थानीय जरूरतों के अनुसार लागू कर यमुनानगर-जगाधरी को और अधिक सुंदर व व्यवस्थित बनाया जाएगा।
फोटो -
गुरुग्राम में निर्माणाधीन मल्टीलेवल पार्किंग का दौरा करती मेयर सुमन बहमनी व अन्य।
गुरुग्राम में निर्माणाधीन नगर निगम भवन का जायजा लेती मेयर सुमन बहमनी व अन्य।
गुरुग्राम मेयर राजरानी मल्होत्रा के साथ बैठक करती मेयर सुमन बहमनी व अन्य।