सेफ सिटी टीम की एएसआई नीलम ने राजकीय माध्यमिक विद्यालय खेड़ा फार्म में बच्चों को गुड टच-बैड टच, आत्म रक्षा के बारे मे बताया और हेल्पलाइन 112 की दी जानकारी
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के मार्गदर्शन में जिला पुलिस की विभिन्न टीमें शैक्षणिक संस्थानों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं को सुरक्षा और जागरूकता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दे रही हैं। इसी कड़ी में पुलिस की सेफ सिटी टीम की एएसआई नीलम ने राजकीय माध्यमिक विद्यालय खेड़ा फार्म का दौरा किया और विद्यार्थियों को गुड टच-बैड टच, आत्म रक्षा के बारे मे बताया और हेल्पलाइन 112, उनकी सुरक्षा से संबंधित जरूरी जानकारी दी।
एएसआई नीलम ने बच्चों को गुड टच और बैड टच के बारे में सरल भाषा में समझाया। उन्होंने बताया कि बच्चों को अपने शरीर के निजी अंगों और उनकी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहना चाहिए। यदि कोई व्यक्ति उन्हें गलत तरीके से छूने का प्रयास करता है या ऐसा व्यवहार करता है जिससे वे असहज महसूस करें, तो उन्हें चुप नहीं रहना चाहिए। ऐसी स्थिति में तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षक या किसी भरोसेमंद बड़े व्यक्ति को इसकी जानकारी देनी चाहिए।
उन्होंने बच्चों को यह भी बताया कि किसी अनजान व्यक्ति के बहकावे में न आएं और किसी भी परेशानी या खतरे की स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत मदद मांगें। बच्चों को समझाया गया कि उनकी सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है और किसी गलत व्यवहार को छिपाना नहीं चाहिए। इस दौरान एएसआई नीलम ने विद्यार्थियों को 112 हेल्पलाइन नंबर की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि किसी आपात स्थिति में पुलिस की सहायता लेने के लिए 112 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। बच्चों को यह भी समझाया गया कि हेल्पलाइन नंबर का उपयोग केवल वास्तविक जरूरत और आपातकालीन परिस्थितियों में ही करें।
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, अनजान लोगों से सावधान रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत अभिभावकों या शिक्षकों को देने के लिए भी प्रेरित किया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि बच्चों को छोटी उम्र से ही सुरक्षा संबंधी जानकारी देना उन्हें किसी भी अप्रिय परिस्थिति का सामना करने के लिए मानसिक रूप से तैयार करता है।
विद्यालय के शिक्षकों ने पुलिस टीम द्वारा दी गई महत्वपूर्ण जानकारियों की सराहना की। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी जिज्ञासाओं के बारे में सवाल पूछे। पुलिस का यह अभियान जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में लगातार जारी रहेगा, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें अपने अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया जा सके।