माटी के गणेश बनाकर दिलाई पर्यावरण संरक्षण की शपथ
मध्यप्रदेश जन अभियान व कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देश पर परिषद द्वारा संचालित सीएमसीएलडीपी कक्षा शासकीय महाविद्यालय जौरा में ब्लॉक समन्वयक श्री बी.डी. शर्मा के नेतृत्व में ‘माटी गणेश–सिद्ध गणेश’ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मूर्तिकार श्री रामगोपाल गौड़ ने छात्र-छात्राओं को मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने की कला सिखाई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक माटी के गणेश बनाए। प्रतियोगिता में बबली शाक्य ने प्रथम, सोनम शाक्य ने द्वितीय एवं सोनम कुशवाह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को पट्टिका पहनाकर सम्मानित किया गया। मूर्तिकार श्री रामगोपाल गौड़ का भी शाल-श्रीफल से सम्मान किया गया।
श्री बी.डी. शर्मा ने गणेश प्रतिमा का पूजन एवं आरती कर विद्यार्थियों को ‘घर-घर गणेश, हर घर गणेश’ का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मिट्टी की प्रतिमाओं से पर्यावरण प्रदूषण नहीं होता, जबकि प्लास्टर ऑफ पेरिस एवं अन्य हानिकारक पदार्थों से निर्मित प्रतिमाएं जल एवं मिट्टी को प्रदूषित करती हैं।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई तथा आगामी गणेश चतुर्थी पर घर एवं गांव में माटी के गणेश स्थापित करने का आह्वान किया गया। नवांकुर समिति के सदस्यों ने गीत प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का संचालन श्री कुमार शर्मा ने किया। इस अवसर पर प्रस्फुटन समितियों के परामर्शदाता कमल किशोर त्यागी, विनोद शर्मा, रामदुलारी, योगेश तिवारी, रामकुमार, मनोज, प्रवीण, राहुल सहित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh