बेगूसराय में सोलर मेला-2026 का आयोजन, दिसंबर तक 2500 घरों में सोलर प्लांट लगाने का लक्ष्य
बेगूसराय। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार और जिले में सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुरुवार को गांधी स्टेडियम, बेगूसराय में सोलर मेला-2026 का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ जिलाधिकारी रिची पांडेय ने किया।
मेले में विद्युत विभाग, विभिन्न बैंकों तथा सोलर प्लांट अधिष्ठापन से जुड़े वेंडरों ने स्टॉल लगाए। इस दौरान आम उपभोक्ताओं को प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, सोलर प्लांट लगाने की प्रक्रिया, बैंक से मिलने वाली ऋण सुविधा, सब्सिडी तथा सौर ऊर्जा के आर्थिक लाभों की जानकारी दी गई। बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने मेले में पहुंचकर योजना से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी रिची पांडेय ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत स्वीकृत ऋण राशि के दो लाभुकों को चेक प्रदान किया। उन्होंने उपभोक्ताओं को सोलर प्लांट लगाने से होने वाले आर्थिक और दीर्घकालिक लाभों की जानकारी भी दी।
जिलाधिकारी ने कहा कि सौर ऊर्जा को अपनाने से उपभोक्ताओं के बिजली खर्च में कमी आएगी। इसके साथ ही स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों और सोलर वेंडरों को सोलर प्लांट अधिष्ठापन की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि अगले दो माह में अधिक से अधिक घरों में सोलर प्लांट स्थापित कर दिसंबर तक जिले में 2500 सोलर अधिष्ठापन का निर्धारित लक्ष्य पूरा किया जाए। इसके लिए सभी सोलर वेंडरों को घर-घर जाकर लोगों को योजना की सुविधाओं, सब्सिडी और सोलर प्लांट से होने वाले फायदे के बारे में जागरूक करने का निर्देश दिया गया।
डीएम ने बैंक प्रतिनिधियों को भी निर्देश दिया कि योजना के तहत ऋण लेने के इच्छुक उपभोक्ताओं को ऋण प्रक्रिया की स्पष्ट और सरल जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा आवेदनों का यथासंभव सुगमतापूर्वक निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना को जिले के अधिक से अधिक घरों तक पहुंचाने के लिए विद्युत विभाग, बैंक और सोलर वेंडरों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।
मौके पर विद्युत अधीक्षण अभियंता संतोष कुमार, विद्युत कार्यपालक अभियंता बेगूसराय सूरज कुमार वर्मा, विद्युत कार्यपालक अभियंता बरौनी नटवरलाल गुप्ता, भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य शाखा प्रबंधक, सहायक विद्युत अभियंता बेगूसराय शहरी लक्ष्मी कुमारी, सहायक विद्युत अभियंता बलिया एवं मंझौल सहित विद्युत विभाग के अन्य अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि और सोलर वेंडर मौजूद रहे।