समाहरणालय, बेगूसराय
=================
(जिला जन-संपर्क कार्यालय)
====================
प्रेस विज्ञप्ति 31
दिनांक 08 अक्टूबर, 2026
=================
राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम (NTEP) एवं टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत पंचायत स्तर पर टीबी उन्मूलन की दिशा में उत्कृष्ट कार्य करने वाली जिले की 15 पंचायतों को आज ‘TB Mukt Panchayat’ का दर्जा प्रदान किया गया। इस अवसर पर कारगिल विजय भवन, समाहरणालय परिसर में आयोजित सम्मान समारोह की अध्यक्षता जिलाधिकारी, बेगूसराय श्री रिची पांडेय ने की।
देशभर में JOSH (Joint Squad for Health) Teams के राष्ट्रीय शुभारंभ के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य टीबी उन्मूलन अभियान से युवाओं एवं समुदाय की सक्रिय भागीदारी को जोड़ना है। भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा द्वारा JOSH Teams का शुभारंभ किया गया। इसी क्रम में बेगूसराय में भी NCC Teams एवं MY Bharat Volunteers की सहभागिता के माध्यम से युवा शक्ति को टीबी मुक्त भारत अभियान से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।
टीबी मुक्त भारत अभियान के निर्धारित मानकों एवं प्रक्रियाओं को पूरा करने वाली जिले की 15 पंचायतों को कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया गया। इनमें एक पंचायत ने सिल्वर श्रेणी के निर्धारित मानकों को पूरा किया, जिसे महात्मा गांधी जी की सिल्वर प्रतिमा एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। वहीं 14 पंचायतों को ब्रॉन्ज श्रेणी के तहत महात्मा गांधी जी की ब्रॉन्ज प्रतिमा एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। संबंधित पंचायतों के जनप्रतिनिधियों एवं अभियान से जुड़ी टीमों को भी उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय ने टीबी उन्मूलन अभियान में पंचायतों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य केवल स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों से प्राप्त नहीं किया जा सकता। इसके लिए पंचायत प्रतिनिधियों, स्वास्थ्यकर्मियों, युवाओं, स्वयंसेवकों तथा समुदाय के सभी वर्गों की सक्रिय एवं निरंतर भागीदारी आवश्यक है। पंचायत स्तर पर संभावित टीबी मरीजों की पहचान, समय पर जांच एवं उपचार सुनिश्चित कराने, मरीजों को सहयोग प्रदान करने तथा टीबी से जुड़े सामाजिक भेदभाव को कम करने में पंचायत प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
‘TB Mukt Panchayat’ की अवधारणा के माध्यम से पंचायतों को टीबी उन्मूलन अभियान का सक्रिय भागीदार बनाया जा रहा है। पंचायतों की सक्रिय भागीदारी से संभावित मरीजों की पहचान, जांच एवं उपचार के साथ-साथ समुदाय में टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोगों को समय पर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने में मदद मिल रही है।
कार्यक्रम में JOSH Teams के माध्यम से युवा शक्ति को टीबी उन्मूलन अभियान से जोड़ने की पहल को भी महत्वपूर्ण बताया गया। जिले में NCC Teams एवं MY Bharat Volunteers के सहयोग से युवाओं के माध्यम से समुदाय में जागरूकता एवं जनसहभागिता बढ़ाने पर बल दिया गया। पंचायतों की भागीदारी, युवाओं की ऊर्जा तथा स्वास्थ्य विभाग के तकनीकी प्रयासों के समन्वय से टीबी मुक्त बेगूसराय के लक्ष्य को और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
समारोह में सिविल सर्जन, सदर अस्पताल अधीक्षक, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी, जिला संचारी रोग पदाधिकारी, जिला गैर संचारी रोग पदाधिकारी, जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला कार्यक्रम समन्वयक-एनटीईपी, WHO Consultants, NTEP के पदाधिकारी एवं कर्मी, विभिन्न प्रखंडों के MOIC, सम्मानित पंचायतों के PRI Members, NCC Teams तथा MY Bharat Volunteers उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में टीबी मुक्त पंचायतों के प्रतिनिधियों एवं संबंधित टीमों ने जिले की अधिक से अधिक पंचायतों को टीबी मुक्त बनाने तथा टीबी उन्मूलन अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से और मजबूत करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। ‘टीबी मुक्त पंचायत से टीबी मुक्त बेगूसराय और टीबी मुक्त भारत’ के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।