भागलपुर में दो जहाजों की टक्कर, सैकड़ों यात्री बाल-बाल बचे
बियाडा गंगा घाट पर हादसे से मची अफरा-तफरी, सभी यात्री सुरक्षित
भागलपुर। विक्रमशिला सेतु की मरम्मत के कारण पुल पर वाहनों का आवागमन बंद होने के बाद लोगों की सुविधा के लिए बियाडा गंगा घाट से संचालित विशेष जहाज सेवा के दौरान गुरुवार को बड़ा हादसा टल गया। बियाडा गंगा घाट के रैंप के पास दो जहाजों के बीच टक्कर हो गई। दोनों जहाजों पर करीब 400 यात्री सवार बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, जहाजों के परिचालन के टाइम टेबल को लेकर दो ठेकेदारों के बीच विवाद की स्थिति बनी थी। इसी दौरान बियाडा घाट के रैंप पर दोनों जहाज आमने-सामने आ गए और उनके पिछले हिस्से में टक्कर हो गई। टक्कर के बाद जहाजों पर सवार यात्रियों में कुछ देर के लिए चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
हालांकि, गनीमत रही कि टक्कर जहाजों के पिछले हिस्से में हुई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है और सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
विक्रमशिला सेतु की मरम्मत के चलते आवागमन प्रभावित होने के कारण जिला प्रशासन और सरकार की ओर से यात्रियों की सुविधा के लिए बियाडा गंगा घाट से विशेष जहाजों का परिचालन कराया जा रहा है। ऐसे में दो जहाजों की टक्कर की घटना के बाद परिचालन व्यवस्था और समय-सारिणी को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं।
बाइट: तारीख उमर, जहाज इंचार्ज
रिपोर्ट: चमन अली
Rahui, Nalanda | Oct 8, 2026