भागलपुर के कचहरी चौक पर INDIA गठबंधन का जोरदार प्रदर्शन, वोट चोरी के आरोपों की जांच की मांग
मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने और पीएम मोदी व गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की उठाई मांग
भागलपुर। भागलपुर के कचहरी चौक पर INDIA गठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार तथा भारत निर्वाचन आयोग के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान विपक्षी नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और वोट चोरी के आरोपों को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और गिरफ्तार करने की मांग की। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग भी उठाई।
प्रदर्शन में शामिल विपक्षी नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष नहीं रही। नेताओं ने बिहार में ड्राफ्ट मतदाता सूची से लगभग 65 लाख मतदाताओं के नाम हटाए जाने के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। उनका दावा था कि मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के मामले की गहन जांच होनी चाहिए, ताकि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।
विपक्षी नेताओं ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में नाम हटाए जाने से चुनाव परिणाम प्रभावित हुए। इसी आधार पर उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा बिहार और पश्चिम बंगाल में नए सिरे से चुनाव कराने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान INDIA गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को बुलंद किया। इस विरोध प्रदर्शन में बिहार प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश प्रतिनिधि मो. शारीक खान, राजेश रंजन, अनामिका शर्मा, चंद्रशेखर यादव, राबिया खातून, युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विशाल कुमार, शाहरुख शेख, प्रवीण कुमार सहित सैकड़ों INDIA गठबंधन के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्ट: चमन अली, भागलपुर
Rahui, Nalanda | Oct 9, 2026