भागलपुर में योजना एवं विकास विभाग के कार्यकारी अभियंता के ठिकानों पर EOU की छापेमारी
आय से अधिक संपत्ति के मामले में पांच ठिकानों पर एक साथ तलाशी, दस्तावेजों की जांच जारी
भागलपुर। बिहार के भागलपुर में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने योजना एवं विकास विभाग के कार्यकारी अभियंता नारद कुमार दास के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। आय से अधिक संपत्ति के मामले में EOU की टीम उनके आवास समेत कुल पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर रही है। इस कार्रवाई के बाद विभागीय और प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, नारद कुमार दास वर्तमान में मुंगेर में योजना एवं विकास विभाग में कार्यकारी अभियंता के पद पर तैनात हैं। आर्थिक अपराध इकाई की टीम भागलपुर के तिलकामांझी थाना क्षेत्र स्थित हनुमान पथ मोहल्ले में उनके आवास पर तलाशी ले रही है। इसके साथ ही उनसे जुड़े अन्य ठिकानों पर भी जांच की जा रही है।
संपत्ति और दस्तावेजों की हो रही जांच
EOU की टीम छापेमारी के दौरान संपत्ति से संबंधित दस्तावेजों, विभिन्न रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण कागजातों की जांच कर रही है। कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य आय से अधिक संपत्ति से जुड़े मामले में तथ्यों और साक्ष्यों का पता लगाना है।
आर्थिक अपराध इकाई के इंस्पेक्टर जफरुद्दीन ने बताया कि छापेमारी के दौरान बरामद वस्तुओं और जांच में सामने आए तथ्यों की विस्तृत जानकारी अभियान समाप्त होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल, आर्थिक अपराध इकाई की जांच जारी है। छापेमारी पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि जांच के दौरान क्या-क्या बरामद हुआ और मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाती है।
रिपोर्ट: चमन अली, भागलपुर
Rahui, Nalanda | Oct 9, 2026