आगामी 01 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET)-2026 के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अनुमंडल प्रशासन, पोड़ाहाट, चक्रधरपुर द्वारा परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में आज दिनांक 30 अक्टूबर 2026 को अनुमंडल पदाधिकारी, पोड़ाहाट, चक्रधरपुर द्वारा चक्रधरपुर स्थित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के क्रम में जेवियर स्कूल, चक्रधरपुर, कार्मेल स्कूल, चक्रधरपुर तथा मधुसूदन महतो उच्च विद्यालय, चक्रधरपुर में परीक्षा संचालन से संबंधित तैयारियों, उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। इस दौरान परीक्षार्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया, परीक्षा कक्षों में निर्धारित सीटिंग प्लान, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, प्रवेश द्वार पर जांच हेतु फ्रिस्किंग व्यवस्था, प्रतिनियुक्त कर्मियों की उपलब्धता तथा नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) की व्यवस्था की समीक्षा की गई।
संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप ससमय सुनिश्चित की जाएं। परीक्षार्थियों के प्रवेश से लेकर परीक्षा समाप्ति तक की पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित, पारदर्शी एवं सुचारू रूप से संचालित हो। सभी परीक्षा कक्षों में सीटिंग प्लान के अनुरूप बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से प्रभावी निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया गया।
साथ ही, प्रवेश द्वार पर निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप फ्रिस्किंग की समुचित व्यवस्था करने, इसके लिए पर्याप्त कर्मियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने तथा नियंत्रण कक्ष को सुचारू रूप से संचालित रखने पर जोर दिया गया। संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी तत्परता, सतर्कता एवं आपसी समन्वय के साथ करने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान विशेष रूप से निर्देश दिया कि परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा उनके प्रवेश एवं परीक्षा संचालन से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएं। परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, कदाचार पर प्रभावी नियंत्रण रखने तथा परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा गया।
इस अवसर पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO), चक्रधरपुर एवं कार्यपालक दंडाधिकारी, चक्रधरपुर उपस्थित रहे।