चाईबासा बस स्टैंड में यात्री बसों की सुरक्षा को लेकर चला विशेष जांच अभियान, नियमों की अनदेखी पर होगी कार्रवाई
डीटीओ गौतम कुमार के निर्देश पर मोटर यान निरीक्षकों ने बसों की फिटनेस, आपातकालीन द्वार और अग्निशमन व्यवस्था की जांच की
जिला परिवहन पदाधिकारी श्री गौतम कुमार के निर्देशानुसार शुक्रवार को चाईबासा बस स्टैंड में यात्री बसों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान मोटर यान निरीक्षक श्री कृष्णा सोरेन एवं श्री नेलसन तिर्की ने विभिन्न यात्री बसों का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा बसों के बॉडी निर्माण, पंजीयन एवं फिटनेस जांच के लिए निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनुपालन अनिवार्य किया गया है।
जांच अभियान के दौरान बसों में निर्धारित AIS मानकों के अनुरूप बॉडी निर्माण, आपातकालीन द्वार एवं खिड़कियों की उपलब्धता, आपातकालीन निकास मार्ग में अवरोध, अग्नि पहचान एवं अग्निशमन प्रणाली, रूफ हैच, आपातकालीन निकास, सुरक्षित सीट व्यवस्था, निर्धारित यात्री क्षमता, विद्युत वायरिंग तथा अन्य तकनीकी सुरक्षा उपकरणों की जांच की गई। इसके अलावा बसों की फिटनेस और आवश्यक प्रमाणपत्रों की वैधता भी देखी गई।
इस दौरान वाहन स्वामियों एवं बस संचालकों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन स्वामियों एवं बस संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।