➡️ खेल में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व करें : विधायक श्री शैलेंद्र जैन
➡️ जीतने के लिए खेलें, हार के बाद निराश न हों और मेहनत जारी रखें : श्री श्याम तिवारी
➡️ 70वीं राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ
खेल में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व करें। यह बात विधायक श्री शैलेंद्र जैन ने 70वीं राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के भव्य शुभारंभ अवसर पर संदीपनी विद्यालय, सागर के सभागार में कही। इस अवसर पर श्री श्याम तिवारी, श्री रितेश तिवारी, श्री जय सोनी, संयुक्त संचालक लोक शिक्षण सागर संभाग श्री शत्रुंजय प्रताप सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी श्री अरविंद जैन सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, प्रदेश के विभिन्न संभागों से आए प्रतियोगी, कोच, मैनेजर एवं ऑफिशियल्स उपस्थित रहे।
विधायक श्री शैलेंद्र जैन ने कहा कि सागर में आप सभी का स्वागत, वंदन एवं अभिनंदन है। आज ऐसा लग रहा है कि संपूर्ण मध्यप्रदेश सागर में आकर ठहर गया है। उन्होंने प्रतियोगियों से कहा कि पूरी लगन और मनोयोग से खेलते हुए अपने संभाग, जिले एवं विद्यालय का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि पहले कहा जाता था कि “पढ़ोगे-लिखोगे बनोगे नवाब, खेलोगे-कूदोगे होगे खराब”, लेकिन आज यह कहावत बदल गई है। खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने वाले खिलाड़ी देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जो खिलाड़ी पूरे मनोयोग से खेलता है, वह न केवल अपना नाम रोशन करता है, बल्कि अपने प्रदेश और देश का नाम भी गौरवान्वित करता है। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों, कोच, मैनेजर एवं ऑफिशियल्स को आश्वस्त किया कि सागर में उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व करें।
श्री श्याम तिवारी ने कहा कि खेल के क्षेत्र में बहुत अधिक संभावनाएं हैं, इसलिए पढ़ाई के साथ खेलना भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने खेलों के बजट में वृद्धि की है तथा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से खिलाड़ियों को लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि वे जीतने के लिए खेलें, लेकिन हार के बाद निराश न हों। निरंतर मेहनत करते रहें और सफलता हासिल करें।
संयुक्त संचालक लोक शिक्षण सागर संभाग श्री शत्रुंजय प्रताप सिंह ने प्रतियोगिता के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि यह प्रतियोगिता पांच दिवस तक चलेगी। इसमें जनजातीय संभाग सहित प्रदेश के 10 संभागों के लगभग 200 प्रतियोगी शामिल हो रहे हैं। प्रतियोगिता में कुल 96 मैच खेले जाएंगे, जिसके माध्यम से राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा और चयनित खिलाड़ी मध्यप्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के मार्गदर्शन में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती का पूजन किया गया। विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत की प्रस्तुति दी। फील्ड मार्शल श्री रविंद्र खटोल द्वारा राष्ट्रीय खिलाड़ी के माध्यम से प्रतियोगियों को खेल भावना एवं अनुशासन की शपथ दिलाई गई। इसके बाद मुख्य अतिथि विधायक श्री शैलेंद्र जैन ने विधिवत प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा की।
इस अवसर पर उपसंचालक श्री मृत्युंजय कुमार, श्रीमती मनीषा एलेक्जेंडर, डॉ. आशुतोष गोस्वामी, श्री उमाशंकर चाचौंडिया, प्राचार्य श्री विनय दुबे, जिला खेल अधिकारी श्री संजय दादर सहित अन्य अधिकारी, खेल मैनेजर, कोच एवं प्रतियोगी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती रचना तिवारी एवं श्री मुकेश तिवारी ने किया, जबकि आभार सहायक संचालक डॉ. आशुतोष गोस्वामी ने माना।
70वीं राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के प्रथम दिन विभिन्न वर्गों में हुए रोमांचक मुकाबले
70 वी राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के प्रथम दिन हुए मेंचो में बालिका वर्ग 17 वर्ष में उज्जैन ग्वालियर की मैच में उज्जैन में ग्वालियर को हराया शहडोल रीवा के मैच में रीवा ने शहडोल को हराया ।
14 वर्ष बालक वर्ग में नर्मदा पुरम ने जनजाति को हराया भोपाल सागर के मैच में भोपाल ने सागर को हराया।
इसी प्रकार ग्वालियर शहडोल के मैच में ग्वालियर में शहडोल को हराया।
14 वर्ष बालिका वर्ग में जबलपुर सागर के मैच में जबलपुर ने सागर को हराया इंदौर और जनजाति संभाग के मैच में इंदौर ने जनजाति को हराया।
इसी प्रकार रीवा नर्मदा पुरम के मैच में रीवा ने नर्मदा पुरम को हराया।
ग्वालियर शहडोल के मैच में ग्वालियर में शहडोल को हराया।
17 वर्ष बालिका वर्ग में सागर जनजाति संभाग के मैच में सागर ने जनजाति संभाग को हराया इसी प्रकार जबलपुर नर्मदा पुरम के मैच में जबलपुर में नर्मदा पुरम को हराया।
क्रमांक 167/2647/2026 PHoto D
#jansamparkMP #sagar