🚨मुख्यमंत्री धामी ने 47 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रकृति पथ साइकिल यात्रा का किया समापन, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी के नेतृत्व में आयोजित 47 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रकृति पथ साइकिल यात्रा-2026 के समापन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने यात्रा में शामिल सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए अभियान की सफलता पर बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 47 दिनों तक चली यह साइकिल यात्रा केवल दूरी तय करने का अभियान नहीं, बल्कि जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने की एक सराहनीय पहल है। डॉ. अनिल प्रकाश जोशी का प्रकृति संरक्षण के प्रति समर्पण और संकल्प समाज के लिए प्रेरणादायी है।
उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं। प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करते हुए विकास को आगे बढ़ाना समय की आवश्यकता है। प्रकृति सुरक्षित रहेगी, तभी मानव जीवन और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य भी सुरक्षित रहेगा।
मुख्यमंत्री ने भारत और नेपाल के प्राचीन सांस्कृतिक एवं सामाजिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों देशों की भौगोलिक और प्राकृतिक परिस्थितियां भी एक-दूसरे से जुड़ी हैं। इसलिए पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के लिए दोनों देशों को मिलकर प्रयास करने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि 'प्रकृति ही प्रभु है' का संदेश भारतीय संस्कृति और जीवन दर्शन की मूल भावना को दर्शाता है। उत्तराखण्ड की प्राकृतिक संपदा, हिमालय, नदियों, जंगलों और जैव विविधता का संरक्षण राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। नौले-धारे, चाल-खाल और पारंपरिक जल स्रोतों को संरक्षित करने के लिए जनभागीदारी जरूरी है। इसमें महिलाओं और युवाओं की भूमिका अहम है।
डॉ. अनिल प्रकाश जोशी ने बताया कि 2 अक्टूबर 2026 को नेपाल के जनकपुर धाम से शुरू हुई इस यात्रा में 47 दिनों के दौरान 3,000 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय की गई। यात्रा नेपाल सहित भारत के विभिन्न राज्यों के 25 से अधिक जिलों और 150 से ज्यादा गांवों तक पहुंची। इसका उद्देश्य जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा।
विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 का पोस्टर जारी
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने 28 से 30 नवंबर 2026 तक देहरादून में आयोजित होने वाले विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 के पोस्टर का भी विमोचन किया।
यू-कॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने बताया कि सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों के सफल रेस्क्यू अभियान की तीसरी वर्षगांठ के अवसर पर यह सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। 'सिलक्यारा के साहस से वैश्विक आपदा प्रतिरोधक क्षमता तक' विषय पर होने वाले इस सम्मेलन में आपदा पूर्वानुमान, प्रबंधन की तैयारियों, आधुनिक तकनीक और आपदाओं से निपटने की क्षमता विकसित करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी।
कार्यक्रम में पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी, प्रो. दुर्गेश पंत सहित प्रकृति पथ साइकिल यात्रा के सदस्य मौजूद रहे।