शिक्षकों की पुरानी पेंशन बहाली समेत छह प्रमुख मांगों को लेकर निर्णायक संघर्ष का संकल्प
मदरसा शिक्षकों का कैसलेश इलाज, अपने खर्चे पर उनके हित के लिए रिट याचिका
गोरखपुर क्षेत्र शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी अजीत कुमार सिंह ने जारी किया मुख्य संकल्प पत्र
शिक्षकों के हितों और उनकी लंबित मांगों को लेकर गोरखपुर क्षेत्र शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी अजीत कुमार सिंह ने छह प्रमुख संकल्पों की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए सड़क से लेकर सदन तक निर्णायक संघर्ष किया जाएगा और शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा।
संकल्प पत्र में सभी शिक्षकों के लिए पुरानी पेंशन योजना लागू कराने को प्रमुख मुद्दा बनाया गया है। इसके लिए हर स्तर पर संघर्ष करने की बात कही गई है। वहीं वित्तविहीन शिक्षकों के लिए सरकार से निश्चित और सम्मानजनक मानदेय दिलाने का संकल्प लिया गया है।
इसके साथ ही तदर्थ, वित्तविहीन और संविदा शिक्षकों को नियमित शिक्षकों के समान मानदेय एवं सेवा सुरक्षा दिलाने की बात कही गई है। शिक्षक स्थानांतरण व्यवस्था को लेकर भी संकल्प पत्र में महत्वपूर्ण वादा किया गया है। राजकीय एवं अशासकीय महिला एवं पुरुष शिक्षकों के लिए ऐच्छिक और अंतरजनपदीय स्थानांतरण प्रक्रिया को ऑनलाइन तथा पूरी तरह पारदर्शी बनाने की मांग की गई है।
संकल्प पत्र में प्राइमरी और वित्तविहीन शिक्षकों के लिए मजबूत सेवा नियमावली बनाने पर भी जोर दिया गया है, ताकि शिक्षकों को सेवा संबंधी समस्याओं से राहत मिल सके।
इसके अलावा मदरसा शिक्षकों और उनके परिवारों के लिए बिना किसी भेदभाव के पूर्ण कैशलेस इलाज की व्यवस्था लागू कराने का भी संकल्प लिया गया है।
प्रत्याशी अजीत कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षकों के सम्मान, अधिकार, सेवा सुरक्षा और बेहतर भविष्य के लिए वह पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने शिक्षकों से एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करने का आह्वान किया।