मऊ में मिशन शक्ति-6 अभियान के तहत फातिमा तिराहे पर पिंक बूथ का उद्घाटन किया गया। पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने पिंक बूथ का शुभारंभ किया। इसका उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी सहायता उपलब्ध कराना, उनकी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना और उन्हें सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है। पिंक बूथ के माध्यम से महिलाएं अपनी समस्याओं और शिकायतों के संबंध में पुलिस से आसानी से संपर्क कर सकेंगी। इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा किसी भी तरह की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में पुलिस से संपर्क करने के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया। पुलिस का उद्देश्य मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं में सुरक्षा की भावना को और मजबूत करना है।