कोटशेरा कॉलेज में CSCA पदाधिकारियों ने ली शपथ, प्राचार्य डॉ. गोपाल चौहान ने युवाओं को नशे से दूर रहने का दिया संदेश
CSCA अध्यक्ष अरुणाभ शर्मा सहित पदाधिकारियों और अकादमिक सदस्यों ने ग्रहण किया दायित्व, विद्यार्थियों के हितों की रक्षा करने का लिया संकल्प
शिमला, 15 अक्टूबर। राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय कोटशेरा, चौड़ा मैदान, शिमला में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कॉलेज स्टूडेंट्स सेंट्रल एसोसिएशन (CSCA) के पदाधिकारियों एवं अकादमिक सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गोपाल चौहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने हिमाचल प्रदेश सरकार और विश्वविद्यालय के निर्देशों के अनुसार मनोनीत CSCA पदाधिकारियों एवं सदस्यों को उनके दायित्वों की शपथ दिलाई। कार्यक्रम की शुरुआत में डॉ. वीना शर्मा ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया।
नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें युवा : डॉ. गोपाल चौहान
समारोह को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. गोपाल चौहान ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उनकी ऊर्जा का उपयोग शिक्षा, रचनात्मकता, सामाजिक सेवा तथा राष्ट्र निर्माण जैसे सकारात्मक कार्यों में होना चाहिए। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि नशा युवाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा, करियर और भविष्य को गंभीर रूप से प्रभावित करता है। ऐसे में प्रत्येक विद्यार्थी को नशे के विरुद्ध दृढ़ संकल्प लेना चाहिए और अपने साथियों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। विद्यार्थी स्वयं नशे से दूर रहकर और दूसरों को जागरूक करके समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी ऊर्जा को सही दिशा में लगाने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का आह्वान किया।
CSCA विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच
प्राचार्य डॉ. गोपाल चौहान ने CSCA के अध्यक्ष अरुणाभ शर्मा, उपाध्यक्ष नविता और महासचिव नवदिका देवी को शपथ दिलाई। संयुक्त सचिव चेत राम निजी कारणों से शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित नहीं हो सके। उन्होंने सभी नामांकित पदाधिकारियों एवं अकादमिक सदस्यों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करेंगे।
उन्होंने कहा कि CSCA विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, लोकतांत्रिक मूल्यों, जिम्मेदारी और सामूहिक निर्णय लेने की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच है। विद्यार्थी जीवन केवल किताबी ज्ञान अर्जित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वतंत्र चिंतन, आलोचनात्मक दृष्टिकोण विकसित करने, सही निर्णय लेने और उन्हें व्यवहार में लागू करने का समय भी है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का व्यवहार, अनुशासन और दूसरों के प्रति सम्मान उनके व्यक्तित्व को दर्शाता है। इसलिए प्रत्येक विद्यार्थी को अपने आचरण में सकारात्मकता, अनुशासन और जिम्मेदारी को प्राथमिकता देनी चाहिए।
पारदर्शिता और अनुशासन के साथ निभाएं जिम्मेदारी
प्राचार्य ने CSCA की नामांकन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने के लिए चुनाव समिति की सराहना की। उन्होंने छात्रसंघ चुनावों के संदर्भ में लिंगदोह समिति की सिफारिशों, पारदर्शिता, अनुशासन और निर्धारित नियमों के पालन के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी प्रतिनिधियों को अपने पदों का उपयोग व्यक्तिगत हितों के बजाय विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए करना चाहिए। उनकी प्राथमिकता महाविद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करना और विभिन्न गतिविधियों में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना होनी चाहिए। उन्होंने CSCA पदाधिकारियों एवं अकादमिक सदस्यों से अपेक्षा जताई कि वे विद्यार्थियों के हितों की रक्षा करने, महाविद्यालय में सकारात्मक वातावरण बनाए रखने तथा शैक्षणिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
अकादमिक सदस्यों सहित विभिन्न गतिविधियों के प्रतिनिधियों ने ली शपथ
समारोह के दौरान अन्य मनोनीत सदस्यों को डॉ. शालिनी चौहान, डॉ. अनुप्रिया शर्मा, डॉ. नितिका गुप्ता, डॉ. राजीव शर्मा, डॉ. पूनम किमटा चौहान, डॉ. यश देश दुल्टा तथा डॉ. अंशु कौशल ने शपथ दिलवाई।
CSCA चुनाव समिति की संयोजक डॉ. अनुप्रिया शर्मा ने बताया कि महाविद्यालय की ओर से घोषित अकादमिक प्रतिनिधियों में अंतिम वर्ष से सुषमा एवं समृति कौंडल, द्वितीय वर्ष से अनिशा नेगी, तमन्ना एवं कोमल तथा प्रथम वर्ष से खुशी, नेहा शर्मा एवं रितिक ठाकुर शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए हर्ष कुमार एवं भास्कर कपिल, एनसीसी के लिए एसयूओ शान शर्मा एवं यूओ ईशा शर्मा, सोसायटी/क्लब के लिए करण वर्मा एवं दीपक, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के लिए सुजल गौतम एवं निधि तथा एनएसएस के लिए केतन वशिष्ठ एवं रेखा शर्मा को प्रतिनिधि के रूप में शामिल किया गया है। इन सदस्यों ने भी समारोह में अपने दायित्वों के निर्वहन की शपथ ली।
समारोह में महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को नेतृत्व, अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और नशामुक्त समाज के निर्माण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।