मुरैना। शहर के हरि विलास पैलेस में आयोजित दावत में खाना खाने आए कृष्णा गुर्जर निवासी होलापुरा की कुछ बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मंगलवार को मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए पीएम हाउस लाया गया, जहां परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। परिजनों की मांग थी कि पहले आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए, उसके बाद ही पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
बाद में बंकू कंसाना और पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाइश दी, जिसके बाद परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी हो गए। वहीं, मृतक के परिजनों ने आरोपियों के मकानों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें तोड़ने और जल्द से जल्द गिरफ्तारी करने की मांग रखी।
पुलिस ने मामले में नौ नामजद और तीन अज्ञात सहित कुल 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीएसपी रविंद्र चौहान के अनुसार, कुल 12 आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।