समाहर्यालय पूर्णिया
जिला जनसंपर्क कार्यालय
प्रेस विज्ञप्ति 1519,
दिनांक-26.09.2026
अम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र का माननीय मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने किया औचक निरीक्षण
कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार के माननीय मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार जी ने शनिवार को पूर्णिया में संचालित अम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र, (प्रेक्षागृह सह आर्ट गैलरी), पूर्णिया का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में संचालित विभिन्न कला एवं सांस्कृतिक गतिविधियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा कलाकारों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
माननीय मंत्री के आगमन पर जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्री पंकज कुमार पटेल द्वारा उनका स्वागत पौधा एवं अंग वस्त्र देकर किया गया। उन्होंने केंद्र में संचालित प्रशिक्षण एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की जानकारी मंत्री महोदय को दी तथा जिले में कला एवं संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन एवं कलाकारों को प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों से अवगत कराया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने अम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र के प्रेक्षागृह सह आर्ट गैलरी का भी अवलोकन किया। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कलाकारों एवं प्रतिभागियों से बातचीत की तथा शास्त्रीय संगीत, शास्त्रीय नृत्य एवं शास्त्रीय वादन के साथ-साथ लोक कला, लोकगीत, लोकनृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक विधाओं के संरक्षण की दिशा में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
मंत्री महोदय ने कहा कि बिहार की समृद्ध लोक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना तथा नई पीढ़ी को इससे जोड़ना कला एवं संस्कृति विभाग की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कलाकारों को बेहतर मंच एवं प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
इस अवसर पर जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्री पंकज कुमार पटेल ने कहा कि पूर्णिया में कला एवं संस्कृति की गतिविधियों को निरंतर विस्तार दिया जा रहा है। अम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र के माध्यम से स्थानीय कलाकारों एवं युवाओं को विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
#cmssmrat
#samratchoudhary
Purnia, Bihar | Sep 26, 2026