रास्ता पूछने के बहाने रोका, गाली देने से मना किया तो युवक को मारी गोली
मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने दिया वारदात को अंजाम, बाएं पैर में गोली लगने से घायल
हरदोई। पिहानी क्षेत्र में रास्ता पूछने के बहाने बाइक सवार दो युवकों ने एक युवक को रोक लिया। गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपियों में से एक ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली युवक के बाएं पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, पिहानी थाना क्षेत्र के बखरिया गांव निवासी कन्हैया सिंह 28 नवंबर को अपने साथी गोविंद सिंह के साथ हरदोई से गांव लौट रहा था। गांव के निकट रास्ते में मोटरसाइकिल सवार दो लोग मिले। उन्होंने कन्हैया से रास्ता पूछा और इसी दौरान गाली-गलौज करने लगे। कन्हैया ने इसका विरोध किया तो एक युवक ने उस पर फायर झोंक दिया। गोली उसके बाएं पैर में जा लगी।
घायल कन्हैया को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिहानी ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज हरदोई रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घटना के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
क्षेत्राधिकारी हरियावां लक्ष्मीकांत गौतम ने बताया कि घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
Hardoi, Hardoi | Nov 29, 2026