सपेरे को सांप ने डसा, पांच घंटा होती रही झाड़फूंक, अस्पताल पहुंचते ही तोड़ा दम
- टड़ियावां थाना क्षेत्र के मझारी कंचनपुरवा की घटना
हरदोई। टड़ियावां कोतवाली क्षेत्र के मझारी कंचनपुरवा में सपेरे को सांप ने शनिवार सुबह लगभग नौ बजे डस लिया। लगभग पांच घंटे तक सपेरा खुद और फिर परिचित झाड़फूंक करते रहे। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे सीएचसी ले गए। यहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृत घोषित किए जाने के बाद भी सीएचसी के स्ट्रेचर पर परिजन उसे जिंदा करने की कोशिश में झाड़फूंक करते रहे।
मूलरुप से लोनार कोतवाली क्षेत्र के रामपुर नकटौरा निवासी रामबरन (35) पिछले छह माह से अपनी बहन रामकली के घर मझारी कंचनपुरवा में परिवार समेत रहता था। रामबरन सपेरा था। साथ ही बागवानी भी करता था। शनिवार की सुबह लगभग नौ बजे वह मझारी कंचनपुरवा में था। इसी दौरान उसके पास एक थैली में सांप भी था। कुछ स्थानीय लोगों के कहने पर वह सांप दिखाने लगा। इसी बीच सांप ने उसके बाएं हाथ में डस लिया। इस पर रामबरन ने खुद ही अपनी झाड़फूंक शुरू कर दी। लगभग दो घंटे बाद भी कोई राहत नहीं मिली, तो उसके परिचित सपेरों ने उसकी झाड़फूंक शुरू की। दोपहर लगभग दो बजे उसकी हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। परिजन एंबुलेंस से उन्हें टड़ियावां सीएचसी ले गए। यहां चिकित्सक ने मृ़त घोषित कर दिया। मृतक के परिवार में दो बच्चे हैं। पत्नी छह साल पहले ही उन्हें छोड़कर चली गई थी। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
Hardoi, Hardoi | Nov 29, 2026