मूर्ति स्थापना के चंदे को लेकर खूनी संघर्ष, फावड़े से वार कर एक की हत्या, दूसरा घायल
हरदोई। मूर्ति स्थापना के लिए चंदा मांगने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। शनिवार को हरपालपुर थाना क्षेत्र के करणपुर मतनी गांव में विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने दो लोगों पर फावड़े से हमला कर दिया। हमले में एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, करणपुर मतनी गांव निवासी छत्रपाल का गांव के ही जयपाल (पुत्र राजाराम) और रतिराम (पुत्र भोला) से मूर्ति स्थापना के लिए चंदा मांगने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और छत्रपाल ने दोनों पर फावड़े से वार कर दिया। हमले में जयपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रतिराम घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपी छत्रपाल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक के शव को पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। वहीं, घायल रतिराम को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी अखिलेश सिंह ने बताया कि मामले में आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Hardoi, Hardoi | Nov 29, 2026