अमिलहाडीह मंदिर में श्रद्धालुओं ने किया दीपदान, सुख-समृद्धि की कामना
वाराणसी ।ग्रामीण क्षेत्रों में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर श्रद्धालु क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों और देवालयों में पहुंचकर दीपदान कर रहे हैं। वहीं, मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। दीपों की रोशनी से देवालय जगमगा उठे हैं।
इसी क्रम में सेवापुरी विकास खंड के खिल्लूपुर स्थित अमिलहाडीह मंदिर में दीपावली के अवसर पर महिलाओं ने विधि-विधान से दीपदान और पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में दीप जलाकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई। इस दौरान मंदिर को भी दीपों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में नजर आया।
मंदिर के अध्यक्ष वकील पटेल ने बताया कि प्रत्येक वर्ष दीपावली के अवसर पर मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। शाम के समय महिलाएं विधि-विधान से पूजा-अर्चना करती हैं और मंदिर परिसर को दीपों से सजाया जाता है।
दीपावली की शाम ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर दीप प्रज्वलित किए तथा परिवार की खुशहाली और क्षेत्र में सुख-शांति की कामना की। इस अवसर पर लोगों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं भी दीं।