खेवली में मनाई गई जनकवि धूमिल की 90वीं जयंती, साहित्यकारों ने उनके व्यक्तित्व पर डाला प्रकाश
वाराणसी। हिंदी के जनकवि धूमिल की 90वीं जयंती के अवसर पर सोमवार को उनके पैतृक गांव खेवली में साहित्यिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कवियों और साहित्यकारों ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें जनसरोकारों का सजग प्रहरी बताया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कवि एवं गजलकार शिव कुमार पराग ने कहा कि धूमिल लोकतंत्र के बदलते दौर के सजग प्रहरी थे। उन्होंने अपनी कविताओं के माध्यम से आम जनमानस की आवाज को बुलंद किया और नए लोकतंत्र की तलाश की। धूमिल हिंदी के उन कवियों में शामिल रहे, जिन्होंने अपनी अलग काव्य शैली और नए मुहावरे गढ़े। उनकी रचनाओं में कबीर, निराला और मुक्तिबोध की साहित्यिक परंपरा की झलक दिखाई देती है।
उन्होंने कहा कि धूमिल की कविताओं में समय के अनुरूप आक्रोश के साथ प्रेम की संवेदना भी देखने को मिलती है। उनके साहित्य की मूल प्रेरणा खेवली गांव की मिट्टी रही है। उनकी कविताओं में रोटी और संसद से जुड़े सवाल आज भी प्रासंगिक हैं।
मुख्य वक्ता आनंद प्रकाश तिवारी ने कहा कि धूमिल की कविताएं समसामयिक व्यवस्था पर करारा प्रहार करती हैं। उन्होंने अपनी रचनाओं के माध्यम से आम आदमी के खिलाफ होने वाले षड्यंत्रों को बेबाकी से उजागर किया।
#letestअपडेट #LetestUpdate #VaranasiUpdate #LETESTNEWS 👇👇