11वें आयुर्वेद दिवस पर जिलेभर में स्वास्थ्य एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का हुआ आयोजन
सांसद श्री साहू की उपस्थिति में जिला स्तरीय निःशुल्क आयुर्वेद स्वास्थ्य शिविर सम्पन्न
==========================================================
भारत सरकार के आयुष मंत्रालय एवं आयुष विभाग, मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार 11वें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर छिंदवाड़ा जिले में विभिन्न आयुष संस्थानों के माध्यम से व्यापक स्वास्थ्य एवं जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। वर्ष 2026 के आयुर्वेद दिवस की थीम "स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद” निर्धारित की गई है। भारत सरकार द्वारा प्रतिवर्ष 23 सितंबर को आयुर्वेद दिवस मनाया जाता है।
इस अवसर पर छिंदवाड़ा सांसद श्री विवेक ‘बंटी’ साहू की उपस्थिति में आयुष विंग, जिला चिकित्सालय छिंदवाड़ा में आज जिला स्तरीय निःशुल्क आयुर्वेद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला आयुष अधिकारी डॉ. प्रमिला यावतकर के मार्गदर्शन में तथा आयुर्वेद दिवस के जिला नोडल अधिकारी डॉ. प्रवीण रघुवंशी के समन्वय से संपन्न हुआ। जिले के सभी 76 आयुष संस्थानों में आयुर्वेद दिवस के अवसर पर विशेष स्वास्थ्य एवं जनजागरूकता शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों के माध्यम से आमजन को स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श, आयुष चिकित्सा सेवाएं तथा स्वास्थ्य संरक्षण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की।
जिला स्तरीय शिविर में 310 रोगियों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण- आयुष विंग, जिला चिकित्सालय छिंदवाड़ा में आयोजित जिला स्तरीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में कुल 310 रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। शिविर में नाड़ी परीक्षण, स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श तथा निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसके साथ ही 87 बच्चों को स्वर्णप्राशन कराया गया तथा “कुपोषण से सुपोषण” विषय के अंतर्गत बच्चों एवं अभिभावकों को पोषण, संतुलित आहार एवं स्वास्थ्य संरक्षण संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई।
आयुर्वेद के प्रति विद्यार्थियों एवं आमजन में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ऑनलाइन आयुर्वेद प्रश्नोत्तरी का भी आयोजन किया गया, जिसमें मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से 630 प्रतिभागियों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर आयुर्वेद चिकित्सकों द्वारा आमजन को दिनचर्या, ऋतुचर्या, संतुलित आहार, योग, व्यायाम, नाड़ी परीक्षण तथा स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के संबंध में जानकारी दी गई। चिकित्सकों ने बताया कि वर्तमान समय में जीवनशैली से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं की रोकथाम के लिए नियमित दिनचर्या, उचित आहार-विहार तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में सिम्स के डीन डॉ. अभय सिन्हा, जिला आयुष अधिकारी डॉ. प्रमिला यावतकर, डॉ. यशवंत कुमार माथुर; डॉ. दिलीप खरे, डॉ. आर.के. सोनी, डॉ. आर.के. जैन, डॉ. विपिन जैन, आरएमओ डॉ. हर्षवर्धन कुड़ापे, डॉ. अशोक नागदेव, डॉ. कृष्णा हरजानी, आयुर्वेद दिवस के जिला नोडल अधिकारी डॉ. प्रवीण रघुवंशी, डॉ. नितिन टेकरे, डॉ. हरीश सतनामी, डॉ. धर्मराज देशमुख, डॉ. कनिका सिंह, डॉ. दर्शना इवनाती, डॉ. नीतू चौधरी, डॉ. दुर्गेश उइके, डॉ. हेमंत दुबे, डॉ. रश्मि नेमा, डॉ. शुभम बोरकर, डॉ. विवेक रघुवंशी, डॉ. स्वप्निल बघेल, डॉ. पवन नेमा, डॉ. रश्मि धुर्वे, डॉ. अंकुश साहू, डॉ. मयंक साहू, डॉ. निधि जैन, डॉ. विद्या कटरे, डॉ. आयुर जैन, डॉ. भानु अहिरवार, डॉ. सुमित सूर्यवंशी एवं डॉ. महेश बन्देवार सहित अन्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे। शिविर में उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया।
#आयुर्वेद_दिवस
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Department of Ayush, Madhya Pradesh
Ministry of Ayush, Government of India
Jansampark Madhya Pradesh
15 views | Chhindwara, Madhya Pradesh | Sep 23, 2026