आंगनबाड़ी केंद्र खिरसाडोह में मनाया गया पोषण पखवाड़ा
==================================================
आंगनबाड़ी केंद्र खिरसाडोह में आज पोषण पखवाड़ा मनाया गया। इस अवसर पर पोषण प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी के माध्यम से परामर्शदाता श्री मनीष कैथवास ने पोषण के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि भोजन संतुलित होना चाहिए तथा भोजन में आवश्यक प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट और वसा सम्मिलित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन बदल-बदल कर भोजन बनाना चाहिए, जिससे बच्चे रुचि लेकर भोजन करें।
उन्होंने अभिभावकों से कहा कि बच्चों के लिए बाहर से कुरकुरे और पैकिंग वाले पाउच न लाएं, क्योंकि इससे बच्चों की भूख कम होती है और ये ज्यादा तीखे भी होते हैं। बच्चों को घर पर तुरंत तैयार किया हुआ ताजा भोजन थोड़ा-थोड़ा करके बार-बार खिलाना चाहिए। उन्होंने बच्चों का आंगनबाड़ी केंद्र में नियमित वजन कराने की भी समझाइश दी। गर्भवती एवं धात्री महिलाओं की देखरेख की आवश्यकता पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि घर पर सभी उनका पूरा ख्याल रखें। उन्होंने कहा कि हमारे ग्राम में एक भी बच्चा कुपोषित न हो, कुपोषण के खिलाफ जंग जारी है।
कार्यक्रम में बच्चों ने सुंदर-सुंदर गीत एवं नृत्य प्रस्तुत किए, जिससे सभी आनंदित हुए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती यशोदा बेलवंशी ने आंगनबाड़ी केंद्र से मिलने वाली योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में परामर्शदाता श्री मनीष कैथवास, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती यशोदा बेलवंशी, सहायिका सुषमा डेहरिया, बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू छात्र-छात्राएं, एनजीओ के सदस्य, समाजसेवी तथा ग्राम के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
#पोषण_पखवाड़ा
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Department Of Women Child Development, Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
11 views | Chhindwara, Madhya Pradesh | Sep 23, 2026